बांद्राभान मेले में होमगार्ड-SDERF जवानों ने पेश की मानवता की मिसाल, प्रसूता और नवजात को सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल
तवा नदी पार कराकर भीड़ से निकाली महिला, समय पर उपचार मिलने से जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ


नर्मदापुरम। प्रसिद्ध बांद्राभान मेले में होमगार्ड और SDERF के जवानों ने तत्परता और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मेले की भारी भीड़ के बीच प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को जवानों ने तत्काल रेस्क्यू किया। समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलने से सुरक्षित प्रसव हुआ और फिलहाल मां तथा नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
प्रभारी कंपनी कमांडर अमृता दीक्षित से मिली जानकारी के अनुसार बैतूल निवासी 25 वर्षीय राधा काजले, पति प्रमोद, बांद्राभान मेले में आई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मेले में भारी भीड़ और असहाय स्थिति के कारण महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो गया था।
जवानों ने संभाला मोर्चा, स्ट्रेचर पर किया रेस्क्यू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात होमगार्ड और SDERF की टीम तुरंत सक्रिय हुई। प्रभारी कंपनी कमांडर अमृता दीक्षित और शिवराज चौधरी के नेतृत्व में जवानों ने बिना समय गंवाए महिला को सुरक्षित निकालने की जिम्मेदारी संभाली। टीम ने महिला को स्ट्रेचर पर लिटाया और मेले की सघन भीड़ से बाहर निकालते हुए तवा नदी पार कराई।
स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर एंबुलेंस से भेजा अस्पताल
रेस्क्यू के दौरान जवानों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से तत्काल संपर्क और समन्वय स्थापित किया। इसके बाद महिला को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रवाना किया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने और चिकित्सकीय सहायता मिलने से सुरक्षित प्रसव हुआ। अब जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं।
इन जवानों ने निभाई अहम भूमिका
इस रेस्क्यू अभियान में SDERF के जवान दीवेश शर्मा, अजय यादव, प्रिया यादव, कर्मवीर और प्रेरणा शर्मा के साथ सिविल डिफेंस के विजेंद्र सरयाम ने सक्रिय भूमिका निभाई। मेले में मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने जवानों की तत्परता, सेवाभाव और मानवीय पहल की सराहना की।

