नेपाल के PM बालेन शाह आज भारत दौरे पर, कल PM मोदी से होगी अहम बैठक; 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज पर नजर
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं। 23 नवंबर को PM मोदी से बैठक में 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज, व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर चर्चा होगी।


Balen Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार, 22 नवंबर को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। इस यात्रा के दौरान सोमवार, 23 नवंबर को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, विकास परियोजनाओं, सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। सबसे ज्यादा नजर नेपाल की ओर से प्रस्तावित 2 अरब डॉलर (करीब 18 हजार करोड़ रुपये) के आर्थिक पैकेज पर रहेगी।
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 और 23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं। मंत्रालय ने कहा है कि यह दौरा भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दी जाने वाली प्राथमिकता को दर्शाता है।
PM मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से करेंगे मुलाकात
बालेन शाह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इस बैठक में दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों की व्यापक समीक्षा करने के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार साझा करेंगे।
नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उनकी बैठक प्रस्तावित है। भारत की ओर से बालेन शाह को राजकीय सम्मान दिया जाएगा।
बैठक के एजेंडे में पारंपरिक सहयोग के साथ स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्र भी शामिल हैं। भारत और नेपाल के बीच क्रिकेट संबंधों को भी दोनों देशों के लोगों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे।
बालेन शाह के साथ नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भारत आ रहे हैं।
नेपाल ने मांगा 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज
इस यात्रा का सबसे अहम मुद्दा नेपाल की ओर से प्रस्तावित 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज माना जा रहा है। इसमें अनुदान और आसान शर्तों पर कर्ज यानी लाइन ऑफ क्रेडिट शामिल है। इस राशि का इस्तेमाल विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विस्तार और हालिया भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में किया जा सकता है।
'द काठमांडू पोस्ट' की 22 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने नेपाल के 2 अरब डॉलर के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया है। हालांकि, पैकेज की अंतिम शर्तों और राशि के स्वरूप पर बातचीत जारी है। परियोजनाओं की प्राथमिकता और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श होना है।
भारत ने रखा संयुक्त विजन दस्तावेज का प्रस्ताव
नेपाल के आर्थिक पैकेज के प्रस्ताव के बीच भारत ने दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने के लिए संयुक्त विजन दस्तावेज का प्रस्ताव भी रखा है। इसमें निवेश, व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
इस दस्तावेज के जरिए पहले से जारी विकास परियोजनाओं की समीक्षा के साथ भविष्य के सहयोग के लिए नए लक्ष्य तय किए जा सकते हैं। यात्रा के दौरान इस पर सहमति बनने और संयुक्त घोषणा जारी होने की संभावना है।
हवाई मार्ग और कनेक्टिविटी पर भी होगी चर्चा
नेपाल लंबे समय से भारत के हवाई क्षेत्र के जरिए अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय प्रवेश मार्गों की मांग कर रहा है। इससे नेपाल के अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच अभी पूरी सहमति नहीं बन पाई है।
'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, हवाई मार्ग को लेकर तकनीकी और परिचालन संबंधी मुद्दों पर बातचीत जारी है। ऐसे में बालेन शाह की यात्रा के दौरान इस विषय पर होने वाली चर्चा भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सीमा विवाद और गोरखा सैनिकों का मुद्दा भी अहम
भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा से जुड़ा सीमा विवाद लंबे समय से संवेदनशील मुद्दा रहा है। भारत इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है, जबकि नेपाल भी इन पर अपना दावा करता है।
इसके अलावा भारतीय सेना में नेपाली गोरखा सैनिकों की भर्ती का मुद्दा भी दोनों देशों के संबंधों में चर्चा का विषय रहा है। अग्निपथ योजना लागू होने के बाद इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर मतभेद सामने आए थे।
हालांकि, इस यात्रा में इन विवादित मुद्दों पर किसी बड़े फैसले की संभावना को लेकर अभी स्पष्ट संकेत नहीं हैं। दोनों देशों की प्राथमिकता फिलहाल आर्थिक सहयोग, विकास परियोजनाओं और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने पर दिखाई दे रही है।
भारत के साथ रिश्तों को नई दिशा देना चाहते हैं बालेन शाह
नेपाल में 2025 के जेन-जी आंदोलन के बाद मार्च 2026 में हुए चुनावों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी सत्ता में आई और बालेन शाह प्रधानमंत्री बने। नई सरकार भारत के साथ आर्थिक और विकास संबंधों को मजबूत करने पर जोर दे रही है।
ऐसे में बालेन शाह की पहली भारत यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस दौरे से आर्थिक सहायता, व्यापार, ऊर्जा, हवाई संपर्क और विकास परियोजनाओं में सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अब सबकी नजर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की बैठक के नतीजों पर रहेगी। खास तौर पर यह देखना अहम होगा कि नेपाल के 2 अरब डॉलर के आर्थिक प्रस्ताव पर दोनों देश किस स्तर की सहमति तक पहुंचते हैं
