12 अगस्त को नर्मदापुरम में निकलेगी जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा
शहीद गैलरी से शुरू होकर सेठानी घाट पहुंचेगी यात्रा, बाइक, कार और पैदल शामिल होंगे नागरिक


नर्मदापुरम । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बुधवार, 12 अगस्त 2026 को नर्मदापुरम में जिला स्तरीय ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी।
यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे शहीद गैलरी, एसएनजी विद्यालय से होगा और इसका समापन सेठानी घाट पर किया जाएगा। ‘एक तिरंगा–एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
यात्रा में नागरिक बाइक, कार और पैदल समूहों के रूप में शामिल होंगे। इसके माध्यम से ‘हर घर तिरंगा, हर दिल भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
10:30 बजे होगा राष्ट्रगान
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सभी विभागों के अधिकारियों को सुबह 10 बजे एसएनजी स्कूल ग्राउंड में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। यात्रा से पहले सुबह 10:30 बजे सामूहिक राष्ट्रगान होगा। इसके बाद शहीद गैलरी से तिरंगा यात्रा रवाना होगी।
कलेक्टर ने बाइक से यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है। यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा शहीद गैलरी, एसएनजी विद्यालय से शुरू होकर नेहरू पार्क, टेलीफोन चौराहा, कोठी, बाजार (कलेक्ट्रेट), वन विभाग मोड़, एसपी बंगला, कलेक्टर बंगला, बंगला, मालाखेड़ी बड़ा चौराहा, सेमेरिट्स स्कूल चौराहा और जेल होते हुए मीनाक्षी चौक पहुंचेगी।
इसके बाद यात्रा कॉलेज के सामने, सतारास्ता, अमर चौक, जयस्तंभ चौक और सराफा चौक से होकर सेठानी घाट पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
नागरिकों से शामिल होने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के उत्सव के रूप में मनाने की अपील की है।
