गुरु पूर्णिमा पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बच्चों को दिया संस्कार और अनुशासन का संदेश, 'प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण' के तहत मिलेंगी बेंच-डेस्क
गुरु पूर्णिमा पर नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को गुरु सम्मान, संस्कार और अनुशासन का संदेश दिया, प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण से मिलेंगी बेंच-डेस्क।


नर्मदापुरम। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने एसपीएम प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया, बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया और उन्हें जीवन में गुरु के महत्व, अनुशासन एवं संस्कार का संदेश दिया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने बच्चों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने, उनकी आज्ञा का पालन करने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन्होंने "गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णुः गुरुर देवो महेश्वरः, गुरु साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः" श्लोक का अर्थ समझाते हुए कहा कि गुरु ही व्यक्ति को सही दिशा देकर उसके जीवन को सफल बनाते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि 'प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण' के तहत विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए शीघ्र ही बेंच एवं डेस्क की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि बच्चों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की साइंस लैब का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध वैज्ञानिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और प्रयोगात्मक शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यवहारिक शिक्षा भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में दोनों अधिकारियों ने बच्चों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाए।
विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक संदेश के साथ शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
