मध्यप्रदेश में संभावित जल संकट से निपटने की तैयारी, 353 करोड़ से अधिक की पेयजल कार्ययोजना तैयार
कम बारिश से प्रभावित 12 जिलों के कलेक्टरों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की चर्चा, शहरों और गांवों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश


भोपाल। मध्यप्रदेश में कम बारिश के कारण संभावित जल संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश के नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 353 करोड़ रुपए से अधिक की कार्ययोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी मनुष्य और मवेशी दोनों के लिए जरूरी है। इसलिए उपलब्ध जल का बेहतर प्रबंधन करते हुए हर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में पर्याप्त पानी उपलब्ध है, वहां आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। वहीं, जल संकट की आशंका वाले क्षेत्रों में टैंकर, नए नलकूप और जल संचयन जैसे विकल्पों पर समय रहते काम किया जाए।
12 जिलों के कलेक्टरों से सीधी बात
मुख्यमंत्री ने कम बारिश से प्रभावित प्रदेश के 12 जिलों के कलेक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। इनमें आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।
उन्होंने कलेक्टरों से अपने-अपने जिलों में पेयजल की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि जल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर पानी के अनावश्यक उपयोग पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
शहरों में जल प्रबंधन के लिए 165.95 करोड़ रुपए
बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने बताया कि प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में पेयजल व्यवस्था और जल प्रबंधन के लिए 165.95 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की गई है।
नगरीय निकायों को 30 जून 2027 तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 126 नगरीय निकायों में निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 187 करोड़ रुपए से होंगे इंतजाम
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल प्रबंधन के लिए 187 करोड़ रुपए से अधिक की कार्ययोजना बनाई गई है।
ग्रामीण इलाकों में हैंडपंप, राइजर पाइप, बोरवेल और समूह जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार नए नलकूप भी खोदे जाएंगे। फिलहाल जल प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था से जुड़े करीब एक लाख कार्य प्रगतिरत हैं।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे केवल शहरी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित न करें, बल्कि गांवों में भी पानी की उपलब्धता और आपूर्ति की नियमित निगरानी करें। बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नर्मदापुरम सहित प्रभावित जिलों में रहेगी निगरानी
कम बारिश से प्रभावित जिलों की सूची में नर्मदापुरम भी शामिल है। ऐसे में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता बनाए रखने के लिए प्रशासन को जल स्रोतों की स्थिति, आपूर्ति व्यवस्था और संभावित संकट वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देना होगा। सरकार की कार्ययोजना का उद्देश्य आगामी गर्मी के मौसम में लोगों और मवेशियों के लिए पानी की उपलब्धता बनाए रखना है।

