दर्दनाक हादसा: जगराते में जा रहे चार भाई-बहनों की मौत, पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत
धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र में कोद-बिड़वाल रोड पर हुआ भीषण हादसा, मृतकों में तीन किशोरियां शामिल; एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे चारों


धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम कुमेड़ी में कोद-बिड़वाल रोड पर बिलकेश्वर महादेव मंदिर के पास पिकअप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चार चचेरे भाई-बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक युवक और तीन किशोरियां शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जगराते में शामिल होने जा रहे थे चारों
पुलिस के अनुसार, हादसे में बाइक चला रहे शुभम पिता भारत मेडा (20), निवासी पांदा और उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार उसकी तीन चचेरी बहनों भूरी उर्फ अक्षरा (14), आनंदी (16) और सुहाना (12) की मौत हो गई।
बताया गया कि शुभम अपनी तीनों चचेरी बहनों के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर शंकरपुरा में अपनी बहन भावना भाबर के घर आयोजित रात्रि जगराते के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। चारों खुशी-खुशी घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए भीषण हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर
पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन क्रमांक MP 09 GH 4628 कोद से बिड़वाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोद-बिड़वाल रोड पर ग्राम कुमेड़ी में श्रवण के घर के सामने बिड़वाल की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP 11 ZL 5727 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक चालक शुभम पिकअप वाहन के नीचे दब गया था।
ग्रामीणों ने मशक्कत कर निकाला, अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। पिकअप के नीचे दबे बाइक चालक शुभम को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से चारों को सरकारी अस्पताल बदनावर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों वाहन जब्त, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद कानवन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिकअप और मोटरसाइकिल दोनों को जब्त कर थाने पहुंचाया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के चार बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में जगराते की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया।
