2 दिसंबर को होगा मध्यप्रदेश का नीति चिंतन शिविर, 2047 के विकास रोडमैप पर होगा मंथन
सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और कलेक्टर होंगे शामिल; 16 विषयों पर प्रस्तुतिकरण के जरिए तैयार होगी भविष्य की रणनीति


भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार 2 दिसंबर को प्रदेश स्तरीय नीति चिंतन शिविर आयोजित करेगी। इसमें प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और कलेक्टर शामिल होंगे। शिविर का मुख्य उद्देश्य ‘समृद्ध मध्यप्रदेश-2047’ के लक्ष्य, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और बीते तीन वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा कर भविष्य की विकास रणनीति तैयार करना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को शिविर की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिंतन शिविर में दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले सत्र में ‘समृद्ध मध्यप्रदेश-2047’ के दस्तावेज पर चर्चा होगी, जबकि दूसरे सत्र में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) और विकास से जुड़े अन्य संकेतकों की समीक्षा की जाएगी।
16 विषयों पर होंगे विभागीय प्रस्तुतिकरण
मुख्यमंत्री के अनुसार, दोनों सत्रों में आठ-आठ विषयों पर संबंधित विभागों की ओर से प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा। इस तरह कुल 16 विषयों पर चर्चा होगी। इनके माध्यम से प्रदेश के विकास की वर्तमान स्थिति, योजनाओं की प्रगति और आने वाले वर्षों की प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का लोकार्पण उपलब्धि
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण के लोकार्पण को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से 140 एकड़ क्षेत्र में इस परिसर का निर्माण किया जा रहा है।
परियोजना के दूसरे चरण में इंडोर स्पोर्ट्स और स्विमिंग कॉम्प्लेक्स के साथ खिलाड़ियों के लिए छात्रावास बनाए जा रहे हैं। वहीं, तीसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और जिम्नास्टिक हॉल प्रस्तावित हैं।
शीतकालीन सत्र की तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। विधानसभा का सत्र 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने विभागों से संबंधित सवालों के जवाब समय पर तैयार रखें, ताकि सदन में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
स्वामित्व योजना, चीता और HPV टीकाकरण का भी उल्लेख
मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रदेश की कुछ प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत मध्यप्रदेश में अब तक 26.50 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।
इसके अलावा कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चार नए चीता शावकों के जन्म के बाद देश में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
नीति चिंतन शिविर में इन उपलब्धियों और विकास संकेतकों के साथ प्रदेश के दीर्घकालीन लक्ष्यों पर चर्चा होगी। सरकार का फोकस योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ वर्ष 2047 तक समृद्ध मध्यप्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने पर रहेगा।

