गन्ने का भाव 600 रुपए क्विंटल करने की मांग, भोपाल में किसानों का प्रदर्शन; अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने रानी कमलापति स्टेशन के पास रोका, तीन प्रमुख मांगों को लेकर सरकार से मांगा जवाब


भोपाल। गन्ने का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को नरसिंहपुर के किसानों का गुस्सा राजधानी भोपाल में देखने को मिला। राष्ट्रवादी किसान आर्मी के नेतृत्व में भोपाल पहुंचे किसानों ने गन्ने का खरीद मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल तय करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारी किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया तो भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। किसानों का कहना है कि वे पिछले तीन महीने से नरसिंहपुर में शांतिपूर्ण तरीके से गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
किसानों के मुताबिक, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, डीजल, बिजली और मजदूरी महंगी होने से उत्पादन खर्च बढ़ गया है, जबकि गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उनका सवाल है कि जब चीनी के दाम ऊंचे हैं तो गन्ना उत्पादकों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य क्यों नहीं दिया जा रहा?
कलेक्टर की बैठक भी बेनतीजा, अब सरकार से आर-पार की मांग
किसानों ने बताया कि 19 नवंबर 2026 को नरसिंहपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में शुगर मिल संचालकों और किसान प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। हालांकि, इस बैठक में मिल प्रबंधन और किसानों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
किसानों का आरोप है कि शुगर मिल संचालक उनकी मांग के अनुरूप गन्ने का मूल्य देने को तैयार नहीं हैं। बातचीत विफल होने के बाद किसानों ने अपनी मांगें सीधे राज्य सरकार तक पहुंचाने के लिए भोपाल पहुंचकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
किसानों की तीन प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
600 रुपए प्रति क्विंटल भाव: मौजूदा पेराई सत्र में गन्ने का खरीद मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए।
100 रुपए बोनस: राज्य सरकार किसानों को राहत देने के लिए गन्ने पर प्रति क्विंटल 100 रुपए अतिरिक्त बोनस दे।
14 दिन में भुगतान: शुगर मिलों को गन्ना खरीदने के 14 दिन के भीतर किसानों के खातों में भुगतान करना अनिवार्य किया जाए। देरी होने पर नियमानुसार ब्याज भी दिलाया जाए।
राशन-पानी लेकर पहुंचे किसान, आंदोलन बढ़ाने की तैयारी
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर पूरी तैयारी के साथ भोपाल आए हैं। उनके पास खाने-पीने का सामान है और जरूरत पड़ने पर वे यहीं रहकर भोजन की व्यवस्था करेंगे। किसानों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
नर्मदापुरम के किसानों से भी भोपाल पहुंचने की अपील
भोपाल में चल रहे गन्ना मूल्य आंदोलन को लेकर नर्मदापुरम जिले में भी किसानों से तैयार रहने की अपील की गई है। क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन के जिला प्रवक्ता केशव साहू ने जिले के किसान भाइयों से कहा है कि आंदोलन को समर्थन देने के लिए किसी भी समय भोपाल रवाना होना पड़ सकता है।
