ब्रेकिंग
मंगलवार, 24 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
पन्ना · 15 मिनट पहले

पन्ना में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: उद्यान विभाग के सहायक संचालक और पत्नी 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सब्सिडी के बदले मांगे थे दो लाख रुपए, शिकायत के सत्यापन के बाद सरकारी आवास पर बिछाया गया जाल

अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
Sub Editor · 15 मिनट पहले
शेयर
पन्ना में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: उद्यान विभाग के सहायक संचालक और पत्नी 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

पन्ना। सरकारी योजना के तहत मिली सब्सिडी की राशि के बदले दो लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस ने पन्ना में उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को गिरफ्तार किया है। सोमवार, 23 नवंबर को लोकायुक्त सागर की टीम ने दोनों को पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने स्थित प्रदीप श्रीवास्तव के सरकारी आवास पर 50 हजार रुपए लेते हुए पकड़ा। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामला प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत स्वीकृत सब्सिडी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता भागवत साहू निवासी ग्राम मनकी, तहसील पवई ने वर्ष 2024-25 में योजना के तहत ऑयल मिल स्थापित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की पन्ना शाखा से 5.94 लाख रुपए का ऋण लिया था। वहीं, उनकी पत्नी गेंदाबाई साहू ने आटा और ऑयल मिल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की पवई शाखा से 6.30 लाख रुपए का ऋण लिया था।

योजना के तहत भागवत साहू को 2 लाख 31 हजार 280 रुपए और उनकी पत्नी को 2 लाख 20 हजार 500 रुपए की सब्सिडी मिली थी। आरोप है कि उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव ने दोनों को मिली सब्सिडी के बदले कुल दो लाख रुपए की मांग की थी। शिकायत के मुताबिक, रिश्वत नहीं देने पर सब्सिडी की राशि बैंक में वापस कराने के लिए पत्र जारी करने और कार्रवाई करने की बात कही जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल

भागवत साहू ने इस संबंध में लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का पुलिस अधीक्षक के समक्ष सत्यापन कराया गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

टीम ने पन्ना में पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने स्थित सरकारी आवास एफ-3 पर कार्रवाई करते हुए प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया। यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके और निरीक्षक रोशनी जैन के नेतृत्व में की गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शिक्षिका हैं सहायक संचालक की पत्नी

जानकारी के मुताबिक, प्रदीप श्रीवास्तव की पत्नी रवि खरे छतरपुर जिले के बृजपुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद इस मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर