मध्यप्रदेश में नायब तहसीलदार बनने का मौका, 73 पदों पर विभागीय परीक्षा; पटवारी, RI और लिपिक कर सकेंगे आवेदन
मध्यप्रदेश में नायब तहसीलदार के 73 पदों पर सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा होगी। पटवारी, राजस्व निरीक्षक और लिपिक 17 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे।


भोपाल। मध्यप्रदेश के राजस्व विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए नायब तहसीलदार बनने का अवसर सामने आया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से नायब तहसीलदार के 73 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इस विभागीय परीक्षा में राजस्व विभाग में कार्यरत पात्र पटवारी, राजस्व निरीक्षक (RI) और लिपिक संवर्ग के कर्मचारी शामिल हो सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होकर 1 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आवेदन में संशोधन के लिए 6 अक्टूबर 2026 तक मौका दिया जाएगा। परीक्षा 14 नवंबर 2026 से संभावित है।
परीक्षा का आयोजन भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में किया जाएगा।
5 साल की सेवा और स्नातक डिग्री जरूरी
विभागीय परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का राजस्व विभाग के लिपिक वर्गीय पद, पटवारी या राजस्व निरीक्षक के पद पर कम से कम 5 वर्ष की सेवा पूरी करना जरूरी है। सेवा स्थायी या स्थानापन्न रूप में हो सकती है।
इसके अलावा अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला, विज्ञान, वाणिज्य या कृषि विषय में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। यह शैक्षणिक योग्यता आवेदन की अंतिम तिथि तक पूरी होना जरूरी है। अंतिम तिथि के बाद डिग्री प्राप्त करने वाले कर्मचारी पात्र नहीं माने जाएंगे।
73 पदों का संवर्गवार विवरण
नायब तहसीलदार के 73 पदों को दो संवर्गों में बांटा गया है।
लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग – 46 पद
पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग – 27 पद
लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के 46 पदों में 32 पद सामान्य प्रशासन विभाग के आरक्षण रोस्टर के अनुसार हैं, जबकि 14 पद बैकलॉग के हैं।
32 पदों में अनारक्षित वर्ग के 9, ईडब्ल्यूएस के 3, एससी के 5, एसटी के 6 और ओबीसी के 9 पद शामिल हैं।
वहीं, पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग के 27 पदों में 12 पद सीधी भर्ती और 15 पद बैकलॉग के हैं। 12 पदों में अनारक्षित के 4, ईडब्ल्यूएस का 1, एससी के 2, एसटी के 2 और ओबीसी के 3 पद शामिल हैं।
55 साल से अधिक उम्र वाले कर्मचारी पात्र नहीं
विभागीय परीक्षा के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2026 को 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा किसी कर्मचारी को इस परीक्षा में अधिकतम तीन बार शामिल होने का अवसर मिलेगा।
परीक्षा लिखित और वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी। प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न और 100 अंक होंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित रहेगा और परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
सामान्य अभ्यर्थियों को न्यूनतम 55 अंक, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 अंक प्राप्त करना जरूरी होगा।
नायब तहसीलदार को लेवल-9 का वेतनमान
चयनित अभ्यर्थियों को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति के बाद मध्यप्रदेश वेतन पुनरीक्षण नियम-2017 के अनुसार लेवल-9 का वेतनमान मिलेगा।
वेतनमान ₹36,200 से ₹1,14,800 निर्धारित है। इसके अलावा नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य देय लाभ भी मिलेंगे।
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा परीक्षा का लाभ
ऐसे कर्मचारी जो विभागीय जांच का सामना कर रहे हैं या जिनके खिलाफ आरोप पत्र जारी हो चुका है, वे नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे।
इसके अलावा पिछले पांच वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में प्रतिकूल टिप्पणी होने या न्यायालय अथवा किसी सक्षम प्राधिकारी के समक्ष आपराधिक कार्यवाही लंबित होने की स्थिति में भी पात्रता प्रभावित हो सकती है।
महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत पद और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कुल 6 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान बताया गया है।
आवेदन के लिए कर्मचारी कोड जरूरी
चूंकि यह परीक्षा पहले से राजस्व विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए है, इसलिए आवेदन के समय मध्यप्रदेश का मूल निवासी प्रमाण पत्र आवश्यक नहीं होगा।
हालांकि आवेदन पत्र में कर्मचारी को अपना एम्प्लॉयी कोड दर्ज करना होगा। विभागीय परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क ₹2,000 निर्धारित किया गया है।
परीक्षा के बाद कर्मचारी चयन मंडल अभ्यर्थियों की योग्यता के क्रम में चयन सूची तैयार कर प्रमुख राजस्व आयुक्त को भेजेगा। इसके बाद नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल और स्मार्टवॉच प्रतिबंधित
परीक्षा में शामिल होने वाले कर्मचारियों को केंद्र पर मूल फोटो पहचान पत्र लेकर जाना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक का उपयोग किया जा सकेगा।
परीक्षा केंद्र पर आधार आधारित बहुस्तरीय बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, स्मार्टवॉच, ईयरफोन और रिकॉर्डिंग उपकरण समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
अभ्यर्थियों को निर्धारित रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
कब से होंगे आवेदन?
आवेदन शुरू: 17 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 1 अक्टूबर 2026
आवेदन सुधार की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर 2026
परीक्षा: 14 नवंबर 2026 से संभावित
पद: 73 नायब तहसीलदार
आवेदन शुल्क: ₹2,000
परीक्षा शहर: भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन
