ब्रेकिंग
सोमवार, 31 अगस्त 2026
भौगोलिक संदर्भ
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 30-07-2026

मूंग खरीदी पर केंद्र-प्रदेश के बीच पत्राचार तेज: MP ने मांगी 8.06 लाख टन की मंजूरी, शिवराज ने बताया केंद्र का रुख

मध्यप्रदेश ने मूंग खरीदी लक्ष्य 8.06 लाख टन करने की मांग की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने PM-AASHA के तहत 4.54 लाख टन मंजूरी की स्थिति स्पष्ट की।

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 30-07-2026
शेयर
मूंग खरीदी पर केंद्र-प्रदेश के बीच पत्राचार तेज: MP ने मांगी 8.06 लाख टन की मंजूरी, शिवराज ने बताया केंद्र का रुख

भोपाल। मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग की एमएसपी पर खरीदी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच पत्राचार तेज हो गया है। राज्य सरकार ने मूंग खरीदी का लक्ष्य 4.54 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 8.06 लाख मीट्रिक टन करने की मांग केंद्र सरकार से की है। इस बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर केंद्र सरकार की वर्तमान स्वीकृति और पीएम-आशा (PM-AASHA) योजना के प्रावधानों की जानकारी दी है।

भौगोलिक संदर्भ

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को भेजे पत्र में बताया कि PM-AASHA योजना के तहत देशभर में मूंग खरीदी के लिए 5 लाख 23 हजार 243 मीट्रिक टन की मात्रा स्वीकृत है। इसमें अकेले मध्यप्रदेश को 4 लाख 54 हजार 580 मीट्रिक टन की मंजूरी मिली है, जो कुल स्वीकृत मात्रा का लगभग 87 प्रतिशत है।

मध्यप्रदेश ने 8.06 लाख टन खरीदी की रखी मांग

प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने 28 जुलाई को केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश के लिए स्वीकृत मात्रा 4.54 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 8.06 लाख मीट्रिक टन करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र भेजकर मौजूदा स्वीकृति और योजना के दिशा-निर्देशों का उल्लेख किया है।

PM-AASHA की 25 प्रतिशत सीमा का दिया हवाला

केंद्रीय मंत्री ने पत्र में स्पष्ट किया कि PM-AASHA योजना के तहत राज्यों को सामान्यतः किसानों से राज्य के अनुमानित उत्पादन के 25 प्रतिशत तक की खरीदी की अनुमति दी जाती है। यदि इससे अधिक मात्रा में खरीदी की आवश्यकता होती है तो उसके लिए केंद्र सरकार स्तर पर अलग प्रक्रिया और निर्णय लिया जाता है।

पत्र के अनुसार, वर्ष 2025-26 के लिए मध्यप्रदेश को 4,54,580 मीट्रिक टन मूंग खरीदी की अनुमति दी गई है। पिछले वर्षों में यह मात्रा लगातार बढ़ी है। वर्ष 2021-22 और 2022-23 में 2,75,645 मीट्रिक टन, 2023-24 में 3,30,768 मीट्रिक टन, 2024-25 में 4,19,692 मीट्रिक टन तथा 2025-26 में इसे बढ़ाकर 4,54,580 मीट्रिक टन किया गया।

29 जुलाई तक 60 हजार टन से अधिक खरीदी

शिवराज सिंह चौहान ने पत्र में बताया कि 29 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश में लगभग 60 हजार मीट्रिक टन मूंग की खरीदी की जा चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से किसानों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने का आग्रह किया।

किसान कर रहे शत-प्रतिशत एमएसपी खरीदी की मांग

इधर, सरकारों के बीच पत्राचार जारी है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के किसान शत-प्रतिशत मूंग की एमएसपी पर खरीदी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। किसानों का कहना है कि उत्पादन अधिक होने के कारण सीमित खरीदी से बड़ी संख्या में किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में अब सभी की नजर केंद्र सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

यह खबर शेयर करें
शेयर