मध्यप्रदेश में 169 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों की पदोन्नति निरस्त, 24 नवंबर को विभाग ने जारी किया आदेश
मध्यप्रदेश पशुपालन विभाग ने 169 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों की पदोन्नति निरस्त कर दी। 24 नवंबर को नई अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी किए गए।


भोपाल। मध्यप्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में 169 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों की पदोन्नति निरस्त कर दी गई है। विभाग ने 13 अगस्त को जारी पदोन्नति आदेश को 24 नवंबर 2026 को वापस ले लिया। इस फैसले से उन अधिकारियों को झटका लगा है, जिन्हें विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर प्रथम श्रेणी के पदों पर पदोन्नत किया गया था। पदोन्नति निरस्त करने के साथ ही विभाग ने इन अधिकारियों की प्रशासनिक आधार पर नई जगह अस्थायी पदस्थापना भी कर दी है।
दरअसल, पदोन्नति की प्रक्रिया शुरुआत से ही विवादों में रही थी। विभाग में 186 रिक्त पदों पर पदोन्नति के लिए 27 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई थी। इसके बाद 13 अगस्त को 169 अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए। हालांकि, आदेश जारी होने के बाद वरिष्ठता और आरक्षण के नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे थे।
186 पदों के लिए 543 अधिकारियों पर विचार का आरोप
सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संस्था (सपाक्स) ने पदोन्नति प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत की थी।
संस्था का आरोप था कि 186 पदों के लिए नियमानुसार 376 अधिकारियों को ही विचार क्षेत्र में शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग ने वरिष्ठता सूची में 543वें क्रम तक के अधिकारियों पर विचार किया। इसके अलावा करीब 30 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर रखने और आरक्षित-अनारक्षित पदों की गणना में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए गए थे।
सपाक्स ने पूरी पदोन्नति प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग की थी। इन आपत्तियों के बाद मामला लगातार चर्चा में बना रहा।
पदोन्नति पाने वाले डॉक्टर भी पहुंचे थे हाईकोर्ट
दूसरी ओर, वेटरनरी डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति आदेश निरस्त किए जाने की आशंका को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। संगठन ने मांग की थी कि किसी भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उसका पक्ष सुना जाए।
सितंबर में हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा था कि उस समय सरकार ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने का कोई निर्णय नहीं लिया था। केवल आशंका के आधार पर अदालत हस्तक्षेप नहीं कर सकती। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि भविष्य में कोई प्रतिकूल आदेश जारी होने पर प्रभावित अधिकारी उसे चुनौती दे सकते हैं।
नर्मदापुरम के केसला में डॉ. नितिन कुमार सीजर की पदस्थापना
24 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, पदोन्नति निरस्त करने के बाद अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और संस्थानों में अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। इनमें नर्मदापुरम जिले के केसला में डॉ. नितिन कुमार सीजर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई पदस्थापना के तहत डॉ. ममता सगर को मंदसौर जिले के गरोठ, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पेंड्रो को उमरिया के घुनघुटी, डॉ. जगवीर सिंह कनेश को खरगोन के धरगांव और डॉ. लोकेंद्र सिंह चौहान को महेश्वर के चल चिकित्सालय में भेजा गया है।
इसी तरह डॉ. नानासिंह अखाड़े को खरगोन के गोगावां, डॉ. कुंवरसिंह भयड़िया को अलीराजपुर के जोबट, डॉ. कन्हैयालाल डामोर को झाबुआ की मोबाइल यूनिट तथा डॉ. ज्योति मार्को और डॉ. कृति धुर्वे को मंडला के कुक्कुट गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान में पदस्थ किया गया है।
अलग-अलग जिलों में मिली नई जिम्मेदारी
विभागीय आदेश के मुताबिक, डॉ. मानसिंह बामनिया को खरगोन के रोडिया स्थित पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, डॉ. सुषमा शेलू को खंडवा के मूंदी, डॉ. कड़वा चौहान को खंडवा के रोग अनुसंधान केंद्र और डॉ. रमेश भूरिया को झाबुआ पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
वहीं, डॉ. लीलाराम सिसोदिया को धार के धरमपुरी, डॉ. सुभाष चन्द्र खलना को खरगोन की डीआई लैब, डॉ. रविन्द्र नरें को सिवनी के धनौरा और डॉ. दीपलता माजी को राजगढ़ के मलावर में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा डॉ. अमर ज्योति टोप्पो को रायसेन पशु चिकित्सालय, डॉ. प्रतीक्षा को नरसिंहपुर स्थित उपसंचालक कार्यालय और डॉ. कीर्ति को बैतूल के पाढर में जिम्मेदारी दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी आगामी आदेश तक अपनी नई पदस्थापना पर कार्य करेंगे। पदोन्नति आदेश निरस्त होने के बाद अब विभाग की इस कार्रवाई और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
