माखननगर में 21 अगस्त को लगेगा जन समस्या समाधान एवं संवाद शिविर
माखननगर में 21 अगस्त को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन समस्या समाधान एवं संवाद शिविर लगेगा। रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का भी आयोजन होगा।


AI image
माखननगर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत माखननगर नगरीय क्षेत्र में 21 अगस्त को जन समस्या समाधान एवं संवाद शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान करने के साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शिविर की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिविर निर्धारित समय पर शुरू हो और सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएं।
कलेक्टर ने शिविर में चिन्हित शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण एक दिन पहले तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों को मौके पर त्वरित समाधान मिल सके। इसके साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नगरीय क्षेत्र में व्यापक मुनादी और प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है।
उद्यमियों और स्वरोजगार हितग्राहियों से होगा संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में उद्यम संवाद भी किया जाएगा। कलेक्टर ने महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नर्मदापुरम को क्षेत्र के उद्यमियों तथा स्वरोजगार योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों को आमंत्रित कर संवाद सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे और नागरिकों की समस्याएं सुनने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई करेंगे।
शिविर में लगेगा रोजगार एवं स्वरोजगार मेला
शिविर की एक और महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार मेले का संपूर्ण प्रभार एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा गया है।
रोजगार मेले में विभिन्न संस्थाएं एवं फर्म शामिल होंगी। इसके अलावा स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां युवाओं और हितग्राहियों को रोजगार के अवसरों के साथ विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधाओं और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 21 अगस्त को आयोजित होने वाले जन समस्या समाधान एवं संवाद शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और रोजगार-स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।