दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की बढ़त से माखननगर में जश्न | मिठाई बांटी, निकला जुलूस
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की बढ़त के बाद माखननगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी, पटाखे फोड़े और पदयात्रा निकालकर जश्न मनाया।


माखननगर। दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की लगातार बढ़त के रुझान सामने आने के बाद माखननगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। बढ़त की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया, पटाखे फोड़े और कांग्रेस के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
रुझानों के बाद शुरू हुआ जश्न
सुबह से ही मतगणना के रुझानों पर नजर बनाए बैठे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जैसे ही शुरुआती दौर के बाद घनश्याम सिंह की निर्णायक बढ़त की जानकारी मिली, नगर में जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और "कांग्रेस जिंदाबाद" तथा "घनश्याम सिंह जिंदाबाद" के नारों से माहौल गूंज उठा।
पदयात्रा निकालकर मनाई खुशी
नगर कांग्रेस अध्यक्ष रत्नेश बड़गूजर के प्रतिष्ठान से माखन दादा प्रतिमा स्थल तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया और जीत का भरोसा जताया। कार्यक्रम में नगर के कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
