माखननगर कॉलेज में विद्यार्थियों ने बनाए नवाचार आधारित मॉडल, विकसित भारत 2047 का विजन किया प्रस्तुत
माखननगर के शासकीय महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, फुटस्टेप बिजली जनरेटर और बायोगैस प्लांट के मॉडल बनाए।


माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल तैयार किए। इन मॉडलों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत 2047 के विजन को तकनीक, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और डिजिटल विकास से जोड़कर प्रस्तुत किया।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. आई.एस. कनेश के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी समझ का प्रदर्शन किया। बी.एससी. प्रथम वर्ष की छात्रा आशी ने एनर्जी एफिशिएंट स्मार्ट सिटी का मॉडल बनाया, जबकि इसी कक्षा की छात्रा अस्मिता ने विकसित भारत 2047: स्मार्ट एंड डिजिटल सिटी की अवधारणा प्रस्तुत की।
वहीं, चतुर्थ वर्ष की छात्राओं नंदिनी और रचना ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेन वाटर हार्वेस्टिंग का मॉडल तैयार किया। छात्र निखिल और मनोज ने फुटस्टेप इलेक्ट्रिसिटी जनरेटर (पीजोइलेक्ट्रिक) के माध्यम से कदमों से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न करने की तकनीक को प्रदर्शित किया। इसके अतिरिक्त बी.एससी. प्रथम वर्ष की छात्रा सलोनी चौहान ने बायोगैस प्लांट का वर्किंग मॉडल बनाकर वैकल्पिक ऊर्जा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की संयोजक शीतल वर्मा रहीं। तैयार मॉडलों का निरीक्षण डॉ. अमिताभ शुक्ला, डॉ. कविता दुबे, सुश्री श्रुतिका कांसकार, सुश्री शिवानी मालवीय, नरोत्तम सिंह चौहान एवं दिनेश ने किया। निरीक्षण के दौरान सभी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी नवाचार क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया।
इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता को व्यावहारिक रूप देने का अवसर मिला। स्मार्ट सिटी, जल संरक्षण, ऊर्जा उत्पादन और जैव ऊर्जा जैसे विषयों पर आधारित इन मॉडलों ने सतत विकास और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में युवाओं की भागीदारी को रेखांकित किया।

