माखनलाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में दिखाया गया ‘जेन-जी अगेंस्ट एडिक्शन’ अभियान का लाइव प्रसारण
माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘GEN-Z Against Addiction’ अभियान का लाइव प्रसारण दिखाया गया। विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया।


माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए "GEN-Z Against Addiction – Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat Sankalp Abhiyan" के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों को दिखाया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है तथा देश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं से नशे के साथ-साथ मोबाइल और रील्स की लत से भी दूर रहने का आह्वान करते हुए अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जब युवाओं को खेल, विज्ञान, नवाचार और चंद्रयान जैसी उपलब्धियों से जोड़ा जाता है, तो वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने फिट इंडिया, खेलो इंडिया और मेरा युवा भारत जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए बताया कि 1.5 करोड़ से अधिक युवा पहले ही राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले 3-4 वर्षों में 11 करोड़ से अधिक लोग इस अभियान से जुड़े हैं और 18 करोड़ से अधिक नागरिकों तक जागरूकता पहुंचाई जा चुकी है। इस अवसर पर उन्होंने 'नशा मुक्त भारत सप्ताह-2026' का शुभारंभ किया तथा 'नशा मुक्ति मित्र' के लिए नया डैशबोर्ड भी लॉन्च किया, जिससे स्वयंसेवकों को अभियान को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से कम से कम पांच लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़ने और उन्हें शपथ दिलाने का आह्वान करते हुए नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. आई.एस. कनेश, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता दुबे, डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान, जन अभियान परिषद से हर्ष तिवारी एवं अशोक मेहरा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
