माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, गुरु परंपरा और संस्कारों का दिया संदेश
माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव उत्साह से मनाया गया। गुरु परंपरा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।


माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. नेहा चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने पूर्ण स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
प्राचार्य डॉ. नेहा चौबे ने स्वागत भाषण देते हुए गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि महेश वर्मा ने योग के माध्यम से गुरु के महत्व को समझाते हुए कहा कि गुरु ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। रामसिंह पटेल ने नशामुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया, जबकि मनीष चतुर्वेदी ने सनातन परंपरा और गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत छात्र-छात्राओं ने तिलक लगाकर किया। इसके बाद जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल एवं प्राचार्य ने अतिथियों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी दीपक वर्मा, श्रीमती निरंजना दुबे, प्रो. डी.एस. खत्री, डॉ. कविता दुबे, प्रो. आई.एस. कनेश, डॉ. अमिताभ शुक्ला, श्रीमती सुषमा यादव, प्रो. शीतल वर्मा, प्रो. श्रुतिका कांस्कर, प्रो. अजय मेहरा सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए सीड बॉल का अतिथियों ने रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया।
