पेड़ के नीचे लगी चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके से दिए निराकरण के निर्देश
संभाग आयुक्त बनोठ और आईजी सोलंकी ने माखन नगर जनपद में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, पेंशन और मकान क्षति से लेकर अवैध कच्ची शराब की शिकायतें पहुंचीं अधिकारियों तक


नर्मदापुरम/माखन नगर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ और पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी शुक्रवार को जनपद पंचायत माखन नगर पहुंचे। यहां दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पेड़ के नीचे ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
खास बात यह रही कि अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ सहज माहौल में संवाद किया और इस दौरान उन्हें चाय भी पिलाई। चौपाल में ग्रामीणों ने पेंशन, आवास क्षति, शराब की अवैध गतिविधियों सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
पेंशन नहीं मिलने की शिकायत, रेड क्रॉस से सहायता के निर्देश
चौपाल में बुजुर्ग महिला हेमवती ने बताया कि उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है और उनकी आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। महिला की समस्या सुनने के बाद संभाग आयुक्त बनोठ ने तत्काल रेड क्रॉस के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारी ने संबंधित विभाग को मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जरूरतमंद महिला को तत्काल राहत मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास पर गिरा पेड़, मौके का निरीक्षण करने के निर्देश
एक अन्य ग्रामीण सुंदरलाल बिशोरे ने बताया कि बारिश के दौरान उनके प्रधानमंत्री आवास पर पेड़ गिर गया, जिससे उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संभाग आयुक्त ने संबंधित पटवारी को तत्काल मौके पर जाकर मुआयना करने और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महिलाओं ने उठाया अवैध कच्ची शराब का मुद्दा
चौपाल में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान कुछ महिलाओं ने माना गांव में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायत की।
महिलाओं ने बताया कि अवैध शराब की गतिविधियों का असर बच्चों और परिवारों पर भी पड़ रहा है। शिकायत सामने आने के बाद आईजी चंद्रशेखर सोलंकी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए माखन नगर थाना प्रभारी कंचन सिंह को तत्काल दबिश देकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरे क्षेत्र में कहीं भी कच्ची शराब का अवैध निर्माण या बिक्री नहीं होनी चाहिए। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा इस तरह की गतिविधियां सामने न आएं।
किसानों और अन्य ग्रामीणों ने भी रखीं समस्याएं
चौपाल में किसानों और अन्य नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखीं। ग्रामीणों की शिकायतों और आवेदनों को सुनने के बाद संभाग आयुक्त ने तहसीलदार, जनपद सीईओ और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस चौपाल का उद्देश्य प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पात्र लोगों की समस्याओं पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
