भारतीय किसान संघ ने बैठक कर किसानों की समस्याओं पर किया मंथन, तीन ज्ञापन सौंपे
माखन नगर में भारतीय किसान संघ ने मासिक बैठक के बाद प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधीश के नाम तीन ज्ञापन सौंपे। मूंग भुगतान, बिजली, नहर मरम्मत और लाभकारी मूल्य की मांग उठाई।


माखन नगर। भारतीय किसान संघ तहसील माखन नगर द्वारा मंगलवार को स्थानीय कृषि उपज मंडी में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़ी मौजूदा समस्याओं पर चर्चा के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक के बाद किसान संघ की ओर से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधीश के नाम तीन अलग-अलग ज्ञापन नायब तहसीलदार सुनील गढ़वाल को सौंपे गए।
बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रमुख पर्व भगवान बलराम जयंती को तहसील के शत-प्रतिशत गांवों में मनाने को लेकर कार्ययोजना बनाई गई। इस दौरान किसानों की वर्तमान समस्याओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
लाभकारी मूल्य और जीएसटी हटाने की मांग
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में किसान संघ ने सभी फसलों पर लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य दिए जाने की मांग की। साथ ही कृषि में उपयोग होने वाली दवाइयों, कृषि यंत्रों और बीज पर लगने वाली जीएसटी हटाने की मांग रखी गई।
किसान संघ ने समर्थन मूल्य पर खरीदी के दौरान इस्तेमाल की जा रही बायोमेट्रिक व्यवस्था को पूरी तरह बंद कर पुनः ओटीपी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की है। इसके अलावा ई-टोकन खाद प्रणाली में सुधार तथा सभी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में किसान संघ ने भावांतर योजना का विरोध करते हुए समर्थन मूल्य व्यवस्था को मजबूत करने की मांग रखी।
मूंग भुगतान और बिजली व्यवस्था का मुद्दा
जिलाधीश के नाम सौंपे गए स्थानीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन में समर्थन मूल्य पर हुई मूंग खरीदी में भुगतान से शेष रह गए किसानों को शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई।
किसान संघ ने समय से पहले नहरों की सफाई और मरम्मत कराने की मांग भी रखी। विद्युत व्यवस्था को लेकर किसानों को 10 घंटे निरंतर बिजली उपलब्ध कराने तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने की मांग की गई।
गिरदावरी और बीज प्रमाणीकरण की मांग
ज्ञापन में खरीफ फसल की गिरदावरी शीघ्र कराने तथा रबी सीजन शुरू होने से पहले सहकारी समितियों में उपलब्ध बीजों का प्रमाणीकरण कराने की मांग भी शामिल रही।
इसके अलावा तहसील के प्रत्येक गांव में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई।
किसान संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, उदय कुमार पांडेय, ओमकार राजपूत, लखन लाल चौधरी, जितेंद्र मीणा, राजेश दीवान, गोपाल मीणा, हितेश चौधरी, भूपेंद्र दीवान, जगदीश मीणा, ललित चौधरी, दुर्गेश चौधरी, गणेशाराम चौधरी, कैलाश मीणा, पंचम मीना, डालचंद भारती, राजकुमार यादव, प्रताप राजपूत, केशव कहार सहित भारतीय किसान संघ के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

