Jeans Care Tips: डार्क जींस का रंग फीका होने से बचाने के 6 आसान घरेलू उपाय!
नई डार्क जींस का रंग जल्दी उड़ जाता है? जानिए सिरका, नमक, ठंडे पानी और सही धुलाई के 6 आसान टिप्स, जो आपकी जींस को लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखेंगे।

लाइफस्टाइल डेस्क। नई डार्क ब्लू या ब्लैक जींस पहनने का अलग ही स्टाइल और आकर्षण होता है, लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि कुछ ही बार धोने के बाद जींस का रंग फीका पड़ने लगता है। चाहे जींस महंगी हो या किसी बड़े ब्रांड की, अगर उसकी सही देखभाल नहीं की जाए तो वह जल्दी पुरानी और बेजान दिखाई देने लगती है।
अगर आप चाहते हैं कि आपकी पसंदीदा डार्क जींस लंबे समय तक नई जैसी दिखे, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर उसके रंग को लंबे समय तक बरकरार रखा जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसे ही 6 असरदार टिप्स।
पहली बार धोने से पहले अपनाएं सिरका और नमक की ट्रिक
नई डार्क जींस खरीदने के बाद उसे सीधे धोने की बजाय पहले एक बाल्टी ठंडे पानी में आधा कप सफेद सिरका और दो चम्मच साधारण नमक मिलाकर घोल तैयार करें।जींस को इस घोल में 30 से 45 मिनट तक भिगोकर रखें। माना जाता है कि सिरका और नमक कपड़े के रेशों में रंग को बेहतर तरीके से स्थिर करने में मदद करते हैं, जिससे बार-बार धोने पर रंग जल्दी नहीं निकलता।
जींस को हमेशा उल्टा करके धोएं
डार्क जींस धोने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है कि उसे हमेशा अंदर की ओर पलटकर (Inside Out) धोएं।इससे डिटर्जेंट और पानी का सीधा असर जींस के बाहरी हिस्से पर नहीं पड़ता और कपड़े के बीच होने वाला घर्षण भी कम होता है। यही तरीका सुखाने के दौरान भी अपनाना चाहिए।
गर्म पानी नहीं, ठंडे पानी का करें इस्तेमाल
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्म या गुनगुना पानी कपड़े के रेशों को ढीला कर सकता है, जिससे रंग तेजी से निकलने लगता है।इसलिए डार्क डेनिम को हमेशा ठंडे पानी से ही धोना बेहतर माना जाता है।
सही डिटर्जेंट का करें चुनाव
डार्क कपड़ों के लिए हमेशा माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। पाउडर डिटर्जेंट कई बार पूरी तरह घुल नहीं पाते और कपड़े की सतह पर जमकर रंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं, ब्लीच या तेज केमिकल वाले डिटर्जेंट डेनिम के रंग को जल्दी फीका कर देते हैं, इसलिए इनसे बचना चाहिए।
मशीन की जगह हाथ से धोना बेहतर
यदि संभव हो तो डार्क जींस को हाथ से हल्के हाथों से धोएं। वॉशिंग मशीन में तेज गति से घूमने के कारण कपड़े पर अधिक घर्षण होता है, जिससे रंग जल्दी उड़ सकता है। यदि मशीन में धोना जरूरी हो तो Gentle या Delicate Mode का ही इस्तेमाल करें।
तेज धूप में सुखाने से बचें
धोने के बाद जींस को सीधे तेज धूप में सुखाने की गलती न करें। सूरज की तेज यूवी किरणें डार्क रंग को जल्दी फीका कर सकती हैं। जींस को हमेशा उल्टा करके किसी छायादार और हवादार स्थान पर सुखाना बेहतर होता है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
जरूरत होने पर ही जींस धोएं, हर बार पहनने के बाद नहीं। एक साथ बहुत ज्यादा डार्क और हल्के कपड़े न धोएं। लंबे समय तक रंग बनाए रखने के लिए डेनिम को ज्यादा देर तक पानी में न भिगोएं। कपड़े धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सूखने दें और फिर ही अलमारी में रखें।

