जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 23 लोग घायल; टोक्यो के आसपास महसूस किए गए तेज झटके
जापान के पूर्वी हिस्से और टोक्यो के आसपास 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। चार प्रांतों में 23 लोग घायल हुए। सुनामी का खतरा नहीं, रेल और बिजली सेवाएं प्रभावित हुईं।


टोक्यो। जापान के पूर्वी हिस्से और राजधानी टोक्यो के आसपास रविवार तड़के मध्यम तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी तीव्रता 5.8 दर्ज की।
भूकंप के झटकों के बाद चार प्रांतों में कुल 23 लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, अधिकांश लोगों को मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया।
इबाराकी के दक्षिणी हिस्से में था भूकंप का केंद्र
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में जमीन से करीब 70 किलोमीटर की गहराई में था। यह क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।
भूकंप से साइतामा और कानागावा में नौ-नौ लोग घायल हुए, जबकि चिबा में चार और इबाराकी में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
रात में आए झटकों से सहमे लोग
भूकंप के समय अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक धरती कांपने से लोग घबराकर बिस्तरों से उठ गए। कई लोगों के गिरने या फर्नीचर और दरवाजों से टकराने की खबर है।
कानागावा के योकोहामा में 80 वर्ष से अधिक उम्र की एक महिला बिस्तर से गिर गई, जिससे उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई।
स्थानीय रेल सेवाओं पर पड़ा असर
भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता हवाईअड्डे के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों समेत कुछ स्थानीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। कई ट्रेनें देरी से चलीं। हालांकि, जापान की प्रमुख शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रहीं।
टोक्यो के कोटो वार्ड में भूमिगत पानी की पाइप भी फट गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया। बाद में पाइपलाइन की मरम्मत कर स्थिति सामान्य कर दी गई।
करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति हुई बाधित
भूकंप के बाद करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, रविवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
सरकार ने संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने स्थिति पर नजर रखने और संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए सरकारी टास्क फोर्स गठित की।
परमाणु संयंत्रों में नहीं मिली कोई असामान्यता
भूकंप के बाद जापान के परमाणु नियामक प्राधिकरण ने कहा कि देश के किसी भी परमाणु संयंत्र या परमाणु सामग्री से संबंधित अन्य सुविधाओं में किसी तरह की असामान्यता नहीं पाई गई है।
यह जानकारी जापान जैसे भूकंप प्रभावित देश के लिए महत्वपूर्ण है, जहां बड़े भूकंपों के दौरान परमाणु संयंत्रों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जाती है।
जापान में लगातार बना रहता है भूकंप का खतरा
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। देश में समय-समय पर मध्यम से लेकर बेहद शक्तिशाली भूकंप आते रहते हैं।
हाल के महीनों में क्यूशू द्वीप के कुमामोतो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप ने भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया था। उस घटना में 38 लोगों की मौत और 364 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में इमारतें ध्वस्त और क्षतिग्रस्त हुई थीं।
रविवार को आए भूकंप में फिलहाल बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।