IPL की वैल्यू 20.6 बिलियन डॉलर पहुंची, RCB बनी सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी; MI और KKR टॉप-3 में
IPL की बिजनेस वैल्यू 20.6 बिलियन डॉलर पहुंची। RCB 312 मिलियन डॉलर के साथ सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी बनी, जबकि MI और KKR टॉप-3 में शामिल हैं।


नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) अब केवल दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी-20 क्रिकेट लीग ही नहीं, बल्कि वैश्विक खेल उद्योग की सबसे मूल्यवान लीगों में भी शामिल हो चुकी है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक Houlihan Lokey की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, IPL की कुल बिजनेस वैल्यू बढ़कर 20.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये) हो गई है। पिछले वर्ष की तुलना में लीग की बिजनेस वैल्यू में 11.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रति मैच वैल्यूएशन के मामले में IPL अब दुनिया की प्रमुख खेल लीगों में शामिल है और केवल अमेरिकी फुटबॉल लीग NFL ही इससे आगे है। वहीं, IPL की ब्रांड वैल्यू में भी इस वर्ष 4.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर का इजाफा हुआ है।
RCB बनी सबसे मूल्यवान IPL टीम
रिपोर्ट के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) IPL की सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी बन गई है। RCB की ब्रांड वैल्यू 16 प्रतिशत बढ़कर 312 मिलियन अमेरिकी डॉलर पहुंच गई है। इसके साथ ही RCB IPL इतिहास की पहली टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है।
वर्ष 2025 में RCB की ब्रांड वैल्यू 269 मिलियन डॉलर थी, जो अब बढ़कर 312 मिलियन डॉलर हो गई है।
मुंबई इंडियंस दूसरे, KKR तीसरे स्थान पर
सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजियों की सूची में मुंबई इंडियंस (MI) दूसरे स्थान पर है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 264 मिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 245 मिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 244 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है।
दो फ्रेंचाइजियों के मालिक भी बदले
इस वर्ष IPL की दो फ्रेंचाइजियों के स्वामित्व में भी बदलाव देखने को मिला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को Times Group, Blackstone और Aditya Birla Group के कंसोर्टियम ने लगभग 1.78 बिलियन अमेरिकी डॉलर में खरीदा। वहीं राजस्थान रॉयल्स (RR) का स्वामित्व मित्तल परिवार और अदार पूनावाला के समूह के पास चला गया।
IPL टीमों की ब्रांड वैल्यू
RCB – 312 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Mumbai Indians (MI) – 264 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Kolkata Knight Riders (KKR) – 245 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Chennai Super Kings (CSK) – 244 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Sunrisers Hyderabad (SRH) – 168 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Rajasthan Royals (RR) – 161 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Punjab Kings (PBKS) – 158 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Gujarat Titans (GT) – 157 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Delhi Capitals (DC) – 156 मिलियन अमेरिकी डॉलर
Lucknow Super Giants (LSG) – 122 मिलियन अमेरिकी डॉलर
IPL की लगातार बढ़ती ब्रांड और बिजनेस वैल्यू यह दर्शाती है कि यह लीग अब केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रही, बल्कि वैश्विक खेल कारोबार का एक मजबूत आर्थिक मंच बन चुकी है।

