ब्रेकिंग
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 2 मिनट पहले

सीएम हेल्पलाइन की 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, दो दिन में निराकरण के निर्देश

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, विभागवार समीक्षा में अधिकारियों को दिए निर्देश

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 2 मिनट पहले
शेयर
सीएम हेल्पलाइन की 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, दो दिन में निराकरण के निर्देश

नर्मदापुरम। सीएम हेल्पलाइन की 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि ऐसी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए अगले दो दिनों में अभियान मोड में निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि शिकायतों पर शुरुआत से ही गंभीरता से कार्रवाई की जाए। शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण करने के बजाय उनकी वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर फील्ड विजिट करें और वस्तुस्थिति का परीक्षण करें। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।

जन विश्वास अभियान की लंबित शिकायतों पर भी सख्ती

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्व में आयोजित शिविरों से संबंधित लंबित शिकायतों को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है, इसलिए शिकायतों को लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागों को अभियान से संबंधित जानकारी समय पर जिला स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पोर्टल पर जानकारी की एंट्री समय पर सुनिश्चित हो सके।

स्कूलों में होंगे नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

समीक्षा बैठक में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्कूलों में नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित गतिविधियों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

सेवा मेरा योगदान की तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सेवा मेरा योगदान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्धारित गतिविधियों की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से बेहतर आपसी समन्वय के साथ गतिविधियों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

भू-अर्जन के लंबित मामलों का प्रकरणवार परीक्षण

बैठक में भू-अर्जन से संबंधित लंबित मामलों की भी प्रकरणवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भू-अर्जन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए।

रबी बोवनी से पहले नहरों की सफाई और मरम्मत के निर्देश

रबी फसल की बोवनी को देखते हुए कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को नहरों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत का कार्य समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने से पहले नहरों की स्थिति का परीक्षण किया जाए और जहां भी मरम्मत या सफाई की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि रबी सीजन में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर