Bihar: पैसेंजर ट्रेन के इंजन और बोगी में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित
Bihar News: सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर तड़के पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी भीषण आग, मची भगदड़; कई ट्रेनें प्रभावित


सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उससे सटी एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 3 बजे की है। ट्रेन से उठती लपटों और धुएं को देखकर स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची, इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें इंजन से सटी एक बोगी तक पहुंच गईं। उस समय अधिकांश यात्री नींद में थे। धुआं और आग फैलते ही बोगी में चीख-पुकार मच गई और यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे।
रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 5:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद सुबह 6 बजे के बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
कई ट्रेनें हुईं प्रभावित
सिमरी बख्तियारपुर के स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार सज्जन ने बताया कि घटना के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इनमें कोसी एक्सप्रेस (सहरसा–पटना), जानकी एक्सप्रेस (मनिहारी–जयनगर), सहरसा–समस्तीपुर पैसेंजर और श्रावणी स्पेशल (सहरसा–देवघर) निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि रेलवे ने घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे और राहत एवं बचाव कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
