ब्रेकिंग
शनिवार, 26 सितंबर 2026
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 13-08-2026

तीन कारों ने कई वाहनों को मारी टक्कर, स्कूल स्टाफ से मारपीट का आरोप

भोपाल में तीन कारों में सवार युवक-युवतियों ने करीब एक घंटे तक रोडरेज करते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी। स्कूल स्टाफ की कार पलटाकर मारपीट और अभद्रता का आरोप है। मंत्री की फटकार के बाद पुलिस ने तीन युवकों और युवती को पकड़ा।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
भौगोलिक संदर्भ
समाचार डेस्क · 13-08-2026
शेयर
तीन कारों ने कई वाहनों को मारी टक्कर, स्कूल स्टाफ से मारपीट का आरोप

भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार सुबह रोडरेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। करोंद चौराहे से अयोध्या बायपास के बीच करीब एक घंटे तक तीन कारों में सवार युवक-युवतियों पर कई वाहनों को टक्कर मारने और जमकर हंगामा करने के आरोप हैं। इस दौरान सागर पब्लिक स्कूल के स्टाफ की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर पलटा दिया गया। कार में सवार कर्मचारियों से मारपीट और महिला स्टाफ के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ के प्रयास के आरोप भी लगाए गए हैं।

समाचार

घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने डायल-112 पर कई बार सूचना दी, लेकिन पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची। बाद में मामला मंत्री विश्वास सारंग तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए और निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पीछे से टक्कर मारकर पलटा दी स्कूल स्टाफ की कार

जानकारी के मुताबिक, सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ बुधवार सुबह करोंद की ओर से स्कूल जा रहा था। एक कार में स्कूल कर्मचारी वलीउल्ला और सुबीर डे सवार थे।

आरोप है कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की। खतरा भांपते हुए दोनों कर्मचारियों ने अपनी कार सड़क किनारे रोक दी। इसके बावजूद पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल स्टाफ की कार पलट गई।

कार से बाहर निकलने के बाद दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ितों के मुताबिक, आरोपियों ने पत्थर उठाकर हमला करने का प्रयास भी किया।

महिला स्टाफ से अभद्रता का आरोप

घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल की कुछ महिला कर्मचारी भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि जब उन्होंने मारपीट का विरोध किया तो उनके साथ भी अभद्रता की गई और एक महिला स्टाफ के साथ छेड़छाड़ के प्रयास का आरोप लगाया गया है।

हंगामे के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि एक युवती ने कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

बैटरी ऑटो समेत कई वाहनों को मारी टक्कर

रोडरेज का मामला सिर्फ स्कूल स्टाफ की कार तक सीमित नहीं रहा। आरोप है कि तीन कारों में सवार युवक-युवतियों ने रास्ते में बैटरी ऑटो समेत कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी।

हंगामे के दौरान एक कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई, जबकि दूसरी कार भी कुछ दूरी पर रुक गई। इसके बाद लोगों ने एक कार में सवार तीन युवकों और एक युवती को पकड़ लिया। वहीं, उनके कुछ साथी मौके से फरार हो गए।

डायल-112 पर फोन, पुलिस की देरी का आरोप

रोडरेज के दौरान पीड़ित स्कूल स्टाफ ने डायल-112 पर कई बार सूचना देने का दावा किया। पीड़ितों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, निशातपुरा थाने से फोन कर लगातार घटनास्थल की लोकेशन पूछी जाती रही, लेकिन पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचा।

बाद में पीड़ितों ने मामले की जानकारी मंत्री विश्वास सारंग को फोन पर दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद निशातपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीन युवकों तथा एक युवती को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

हिरासत में लिए गए युवक-युवती कॉलेज छात्र

निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार, घटना में सड़क हादसे के दौरान चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से तीन युवक और एक युवती को पकड़ा है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि हिरासत में लिए गए युवक-युवती कॉलेज छात्र हैं। इनमें कुछ के ओरिएंटल कॉलेज और जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ने की जानकारी सामने आई है। दूसरी कार में मौजूद उनके साथियों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक-युवतियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। प्रारंभिक जांच में उनके शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। यदि मेडिकल रिपोर्ट में शराब का सेवन प्रमाणित होता है तो ड्रिंक एंड ड्राइव से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

शिक्षिका ने बताया घटनाक्रम

स्कूल की शिक्षिका सोनल सिंह ने घटना को लेकर बताया कि वह मीनाल गेट से बाहर निकली थीं। कुछ दूरी पर उन्हें स्कूल कर्मचारी सुबीर और वलीउल्ला दिखाई दिए। उनके पीछे चल रही कार कथित तौर पर उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश कर रही थी।

सोनल के मुताबिक, उन्होंने फोन कर दोनों कर्मचारियों को सावधान किया। इसके बाद दोनों ने अपनी कार सड़क किनारे रोक दी। बावजूद इसके पीछे से आई कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पलट गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार से बाहर निकलते ही दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और पत्थर से हमला करने का प्रयास भी किया गया।

CCTV और वायरल वीडियो से जांच

फिलहाल निशातपुरा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों कारों में कुल कितने लोग सवार थे, रोडरेज की शुरुआत किस वाहन से हुई और फरार बताए जा रहे अन्य युवकों की घटना में क्या भूमिका थी।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। मेडिकल रिपोर्ट, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर