ब्रेकिंग
रविवार, 30 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 23 दिन पहले

MP News: भोपाल मेट्रो रविवार और छुट्टी पर हर 15 मिनट में मिलेगी

भोपाल मेट्रो में रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर हर 15 मिनट में ट्रेन चलेगी। सुभाष नगर से एम्स की अंतिम मेट्रो शाम 7:30 बजे और एम्स से रात 8 बजे रवाना होगी।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 23 दिन पहले
शेयर
MP News: भोपाल मेट्रो रविवार और छुट्टी पर हर 15 मिनट में मिलेगी

भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो संचालन व्यवस्था में बदलाव किया है। अब इन दिनों यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही मेट्रो का संचालन एक घंटे अतिरिक्त किया जाएगा।

रविवार को रात 8 बजे तक चलेगी मेट्रो

नई समय-सारणी के अनुसार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन सुभाष नगर से एम्स के लिए अंतिम मेट्रो शाम 7:30 बजे रवाना होगी। वहीं एम्स स्टेशन से सुभाष नगर के लिए अंतिम मेट्रो रात 8:00 बजे चलेगी।

इस बदलाव से यात्रियों को शाम के समय मेट्रो सेवा के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे देर तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

कार्यदिवसों में पहले जैसी रहेगी व्यवस्था

MPMRCL के अनुसार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर अन्य कार्यदिवसों में मेट्रो का संचालन पहले से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही जारी रहेगा।

पीक आवर्स में सुबह 9:00 से 10:30 बजे और शाम 5:30 से 7:00 बजे तक यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। वहीं नॉन-पीक आवर्स में निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने के बाद बढ़ी परिचालन क्षमता

भोपाल मेट्रो में अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के पूरी तरह लागू होने के बाद दोनों ट्रैक पर नियमित परिचालन शुरू किया गया है। इससे ट्रेन संचालन को अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और विश्वसनीय बनाने में मदद मिली है।

मेट्रो प्रबंधन के मुताबिक, यात्रियों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए रविवार और सार्वजनिक अवकाश के लिए सेवा का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है।

UPI और QR से टिकट की सुविधा

भोपाल मेट्रो में यात्रियों को कैशलेस और डिजिटल टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। यात्री MPMRCL मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट बुक कर सकते हैं।

टिकट का भुगतान UPI, QR कोड, ई-वॉलेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जा सकता है। इससे टिकट खरीदने में लगने वाला समय कम होता है और यात्रियों को आसान यात्रा अनुभव मिलता है।

रिटर्न टिकट पर 5% और ग्रुप टिकट पर 10% छूट

यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेट्रो प्रबंधन की ओर से कई प्रमोशनल ऑफर भी दिए जा रहे हैं। रिटर्न टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है।

इसके अलावा मोबाइल ऐप के जरिए ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलने की सुविधा भी बताई गई है।

मेट्रो प्रबंधन का मानना है कि सेवा के विस्तार के साथ डिजिटल टिकटिंग और विभिन्न छूट योजनाओं से भोपालवासियों को सस्ती, तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
news
ई-समाचार पत्र पढ़ना
Politics