किसानों के लिए बड़ी खबर! 'भारत बीज' ब्रांड के तहत 18 फसलों की 124 उन्नत बीज किस्में लॉन्च
केंद्र सरकार ने लोकसभा में बताया कि 'भारत बीज' ब्रांड के तहत 18 फसलों की 124 उन्नत बीज किस्में बाजार में उपलब्ध कराई गई हैं। जानें BBSSL की बीज वितरण योजना और किसानों को मिलने वाले लाभ।


नई दिल्ली। किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) ने 'भारत बीज' ब्रांड के तहत अब तक 18 फसलों की 124 उन्नत किस्मों के बीज देशभर में उपलब्ध करा दिए हैं।
लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने बताया कि बीबीएसएसएल अपने सदस्य सहकारी समितियों, निजी वितरकों एवं डीलरों, राज्य बीज परिसंघों और राज्य बीज निगमों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से देशभर में बीजों का वितरण कर रही है।
कई सरकारी योजनाओं के तहत हो रही बीज आपूर्ति
सरकार के अनुसार, बीबीएसएसएल ने प्रभावी वितरण व्यवस्था के लिए अपने प्रधान कार्यालय में क्षेत्रवार जोनल प्रबंधकों और समन्वयकों की नियुक्ति की है।
महाराष्ट्र में बीबीएसएसएल द्वारा चारा फसल, कपास, ज्वार और मूंगफली के बीज राज्य सरकार के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM), राष्ट्रीय खाद्य तिलहन एवं ऑयल पाम मिशन (NMEO-OS) तथा कपास क्रांति मिशन जैसी केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं गेहूं और चना के बीज निजी वितरण नेटवर्क के जरिए किसानों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
दादरा और नगर हवेली में बीज वितरण और संबंधित गतिविधियों के समन्वय के लिए कृषि विभाग को बीबीएसएसएल की नोडल एजेंसी बनाया गया है।
बीबीएसएसएल का उद्देश्य
सरकार ने बताया कि भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड की स्थापना देश में उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों के उत्पादन, प्रापण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, लेबलिंग, पैकेजिंग, भंडारण, विपणन और वितरण के लिए शीर्ष संस्था के रूप में की गई है।
इसके अलावा संस्था का उद्देश्य बीज क्षेत्र में रणनीतिक अनुसंधान एवं विकास (R&D) को बढ़ावा देना तथा स्वदेशी और प्राकृतिक बीजों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मजबूत व्यवस्था विकसित करना भी है।
सरकार का मानना है कि 'भारत बीज' ब्रांड के विस्तार से किसानों को प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीज आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
यह जानकारी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
