बैतूल से हैदराबाद और गोरखपुर का सफर होगा आसान, 2 अक्टूबर से दौड़ेगी चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस
बैतूल स्टेशन पर चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का दोनों दिशाओं में ठहराव तय। 2 अक्टूबर से नियमित संचालन, यात्रियों को उत्तर-दक्षिण भारत के लिए नया रेल विकल्प मिलेगा।


बैतूल। बैतूल और आसपास के जिलों के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। चर्लपल्ली और गोरखपुर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का बैतूल रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे यात्रियों को दक्षिण और उत्तर भारत की यात्रा के लिए एक नया सीधा रेल विकल्प मिलेगा।
हर शुक्रवार चर्लपल्ली से गोरखपुर जाएगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन क्रमांक 22075 चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार रात 9:45 बजे चर्लपल्ली से रवाना होगी। ट्रेन शनिवार सुबह 9:08 बजे बैतूल पहुंचेगी और यहां दो मिनट के ठहराव के बाद 9:10 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन नागपुर, भोपाल, बीना, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी और गोंडा सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर रविवार सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
रविवार को गोरखपुर से चलेगी वापसी ट्रेन
वापसी दिशा में ट्रेन क्रमांक 22076 गोरखपुर-चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस की सेवा 4 अक्टूबर से शुरू होगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी।
सोमवार तड़के 3:13 बजे ट्रेन बैतूल पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 3:15 बजे चर्लपल्ली के लिए रवाना होगी। ट्रेन शाम 5 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी।
स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा
अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। बैतूल में दोनों दिशाओं में ठहराव मिलने से जिले के साथ ही आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस ट्रेन का लाभ मिल सकेगा।
हैदराबाद जाने वालों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
बैतूल से सिकंदराबाद और हैदराबाद की ओर जाने वाली सीधी ट्रेनों की संख्या सीमित होने के कारण यात्रियों को कई बार वैकल्पिक ट्रेनों या कनेक्टिंग सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। वर्तमान में सिकंदराबाद एक्सप्रेस (12792) और दक्षिण एक्सप्रेस (12722) जैसी ट्रेनें इस मार्ग पर उपलब्ध हैं।
ऐसे में चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से बैतूल के यात्रियों को दक्षिण भारत की ओर जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। वहीं गोरखपुर और उत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन सुविधाजनक साबित हो सकती है।
नई ट्रेन के नियमित संचालन से बैतूल रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है। खासकर उत्तर और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।