सांडिया के सीताराम घाट पर चला स्वच्छता अभियान, विधायक ठाकुरदास नागवंशी सहित जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
सेवा संकल्प अभियान के तहत सांडिया के नर्मदा सीताराम घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक ठाकुरदास नागवंशी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमदान किया तथा दो ट्रॉली कचरा हटाया।


पिपरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने एवं जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत पिपरिया क्षेत्र में जनभागीदारी से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जनपद पंचायत पिपरिया के तत्वावधान में सांडिया स्थित नर्मदा सीताराम घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्वच्छता अभियान में पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान किया। सभी ने मिलकर नर्मदा घाट और आसपास के क्षेत्र में सफाई की। अभियान के दौरान करीब दो ट्रॉली कचरा एकत्रित कर उसका निस्तारण कराया गया।
पूजन सामग्री और पॉलिथीन हटाई
स्वच्छता अभियान के दौरान घाट किनारे बिखरी पूजन सामग्री, पॉलिथीन, कपड़े और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं सफाई में भाग लेकर नागरिकों को सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान घाट क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और नर्मदा नदी में कचरा नहीं डालने को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।
नर्मदा को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी: नागवंशी
विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने कहा कि पवित्र मां नर्मदा को स्वच्छ रखना हम सभी का धर्म और सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से नर्मदा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नदी में कचरा, पॉलिथीन और पूजन सामग्री नहीं डालनी चाहिए। नर्मदा की स्वच्छता के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
इनकी रही मौजूदगी
अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष नीना नागपाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुसुमलता पटेल, सोशल वर्कर मीरा गढ़वाल, तहसीलदार वैभव बैरागी, नायब तहसीलदार नीरज बैंस, नोडल अधिकारी दीपिका लाहौरिया, जनपद से राम लल्लू सिंह, सरपंच रामजी दीखत, सुलभ गोयदानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से नर्मदा घाट की स्वच्छता के साथ नागरिकों को नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

