रक्षाबंधन पर छात्राओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा को बांधी इको फ्रेंडली राखी
नर्मदापुरम में नितिन साई चाइल्ड केयर स्कूल की छात्राओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा को स्वयं तैयार की गई इको फ्रेंडली राखी बांधी। कलेक्टर ने मिठाई खिलाकर शुभाशीष दिया।


नर्मदापुरम। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नितिन साई चाइल्ड केयर स्कूल, मिसरोद की कक्षा 7वीं और 9वीं की छात्राओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा से आत्मीय मुलाकात की। छात्राओं ने कलेक्टर की कलाई पर स्वयं तैयार की गई इको फ्रेंडली राखियां बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्राओं ने इन राखियों को खुद तैयार किया था। अपनी मेहनत और रचनात्मकता से बनाई गई राखियां कलेक्टर को बांधकर छात्राओं ने भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और अपनत्व के इस पर्व को उत्साह के साथ मनाया।
कलेक्टर ने मिठाई खिलाकर दिया शुभाशीष
इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने भी छात्राओं से सहजता और आत्मीयता के साथ राखी बंधवाई। उन्होंने छात्राओं को मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभाशीष दिया। छात्राओं के साथ कलेक्टर ने सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।
पर्यावरण संरक्षण की पहल की सराहना
कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्राओं द्वारा स्वयं तैयार की गई इको फ्रेंडली राखियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह पहल समाज को प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने और पर्यावरण हितैषी परंपराओं को अपनाने का प्रेरक संदेश देती है। इस दौरान छात्राएं भी कलेक्टर के साथ मुलाकात और रक्षाबंधन मनाकर काफी प्रसन्न नजर आईं।
