ब्रेकिंग
रविवार, 22 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 1 मिनट पहले

नर्मदापुरम में पल्स पोलियो अभियान शुरू, पहले दिन 1.03 लाख बच्चों को पिलाई गईं दो बूंद

जिले के 1527 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण, 24 नवंबर तक चलेगा अभियान; छूटे बच्चों को घर-घर पहुंचकर दवा पिलाएंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 1 मिनट पहले
शेयर
नर्मदापुरम में पल्स पोलियो अभियान शुरू, पहले दिन 1.03 लाख बच्चों को पिलाई गईं दो बूंद

नर्मदापुरम। जिले में रविवार 22 नवंबर से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले ही दिन स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी संख्या में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। जिले में 0 से 5 वर्ष तक की आयु के कुल 1 लाख 3 हजार 802 बच्चों को 1527 निर्धारित पोलियो केंद्रों पर पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई गई। यह अभियान 22 से 24 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस जिलेभर में निर्धारित पोलियो बूथों पर टीकाकरण किया गया। इसके लिए नियमित टीकाकरण दलों के साथ मोबाइल टीमों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

छूटे बच्चों के लिए घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

सीएमएचओ डॉ. गेहलोत ने बताया कि अभियान के पहले दिन किसी कारणवश जिन बच्चों को पोलियो की खुराक नहीं पिलाई जा सकी है, उन्हें अगले दो दिनों में घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रणनीति तैयार कर टीमों की तैनाती की है।

अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी 0 से 5 वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

बच्चों को पोलियो की खुराक देते कर्मचारी
बच्चों को पोलियो की खुराक देते कर्मचारी

अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। साथ ही घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग प्रदान करें।

विभाग के अनुसार पोलियो से बचाव के लिए निर्धारित अभियान में प्रत्येक पात्र बच्चे को खुराक दिलाना जरूरी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें आगामी दो दिनों तक घर-घर संपर्क कर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य करेंगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर