जनजातीय गौरव दिवस से लौट रही बस ने बाइक सवार किसानों को कुचला, एक की मौत; दूसरा गंभीर घायल
नहाल्दा गांव के पास हुआ भीषण हादसा, टक्कर के बाद चालक बस लेकर फरार; पुलिस ने 8 किलोमीटर पीछा कर सांवखेड़ा के पास पकड़ी बस, बड़वानी के स्कूली विद्यार्थियों को लेकर लौट रही थी गाड़ी।


खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह से लौट रही एक यात्री बस ने सोमवार को बाइक सवार दो किसानों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय किसान कमलचंद पाटीदार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे 68 वर्षीय संतोष पाटीदार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना कार्यक्रम स्थल से महज एक किलोमीटर दूर ग्राम नहाल्दा के समीप हुई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने करीब 8 किलोमीटर पीछा कर ग्राम सांवखेड़ा के पास बस को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
खेत की पाइपलाइन का सामान लेने शहर आ रहे थे दोनों किसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सतवाड़ा निवासी लखनलाल पाटीदार के 42 वर्षीय पुत्र कमलचंद पाटीदार और छोगालाल पाटीदार के 68 वर्षीय पुत्र संतोष पाटीदार खेती-किसानी का काम करते थे। सोमवार को दोनों अपने खेत की पाइपलाइन से संबंधित जरूरी सामान खरीदने के लिए मोटरसाइकिल से खंडवा शहर आ रहे थे।
इसी दौरान ग्राम नहाल्दा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किसान सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बस का पहिया कमलचंद के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं संतोष पाटीदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कूली बच्चों को लेकर बड़वानी लौट रही थी बस
हादसे को अंजाम देने वाली बस 'यश ट्रैवल' कंपनी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस बस को बड़वानी जिले से जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बस में सवार स्कूली छात्र-छात्राओं को लेकर वापस बड़वानी की ओर जा रही थी।
बाइक को टक्कर मारने के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बस का पीछा शुरू किया। करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम सांवखेड़ा के पास घेराबंदी कर बस को पकड़ लिया गया।
एक घंटे बाद अस्पताल पहुंचाए गए मृतक और घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव बारंगे और टीआई प्रवीण आर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए दुर्घटना के कारण बाधित हुए मार्ग को खुलवाया और यातायात बहाल कराया।
बताया गया कि हादसे के करीब एक घंटे बाद मृतक कमलचंद पाटीदार के शव को एंबुलेंस से तथा घायल संतोष पाटीदार को डायल-112 वाहन की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। घायल किसान का उपचार जारी है।
कमलचंद के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कमलचंद पाटीदार अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही ग्राम सतवाड़ा में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
