ब्रेकिंग
मंगलवार, 17 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
मेथी के पराठे · 7 मिनट पहले

सर्दियों में बनाएं स्वादिष्ट मेथी के पराठे, इस खास ट्रिक से नहीं आएगी कड़वाहट; जानें आसान रेसिपी

सर्दियों में घर पर बनाएं मुलायम और स्वादिष्ट मेथी के पराठे। जानें मेथी काटने की खास ट्रिक, जरूरी सामग्री और बनाने की आसान विधि।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 7 मिनट पहले
शेयर
सर्दियों में बनाएं स्वादिष्ट मेथी के पराठे, इस खास ट्रिक से नहीं आएगी कड़वाहट; जानें आसान रेसिपी

सर्दियों का मौसम आते ही घरों में तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान बनने लगते हैं। इस मौसम में गर्मागर्म मेथी के पराठों का स्वाद ही अलग होता है। इन्हें नाश्ते, दोपहर के खाने या डिनर में कभी भी बनाया जा सकता है। मेथी स्वाद के साथ खाने को पौष्टिक भी बनाती है। लेकिन कई बार मेथी के पराठे बनाते समय उनमें कड़वाहट आ जाती है, जिससे उनका पूरा स्वाद बिगड़ जाता है।

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। मेथी काटने और पकाने के तरीके में थोड़ा बदलाव करके आप मुलायम और स्वादिष्ट पराठे बना सकते हैं। आइए जानते हैं मेथी के पराठे बनाने की आसान रेसिपी और वह खास ट्रिक, जिससे इनका स्वाद बेहतर बना रहेगा।

मेथी के पराठे बनाने के लिए जरूरी सामग्री

मेथी के पत्ते – 500 ग्राम

गेहूं का आटा – 2 कप

लहसुन – 15 कलियां

हरी मिर्च – 3 से 4

जीरा – 1 छोटा चम्मच

प्याज – 1 कप (बारीक कटा हुआ)

हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच

तिल – 1 बड़ा चम्मच

तेल – जरूरत के अनुसार

नमक – स्वादानुसार

मेथी के पराठों की कड़वाहट दूर करने की खास ट्रिक

मेथी के पराठों का स्वाद अच्छा बनाए रखने के लिए सबसे जरूरी है कि मेथी की पत्तियों को बहुत बारीक न काटें। पत्तियों को थोड़ा मोटा काटने से उनका अतिरिक्त रस कम निकलता है और पराठों का स्वाद बेहतर रहता है। इसके अलावा मेथी को ज्यादा देर तक पकाने से भी बचें।

मेथी के पराठे बनाने की आसान विधि

पहला स्टेप: मेथी साफ करके काटें

सबसे पहले मेथी की पत्तियों को पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद डंठल हटाकर पत्तियों को थोड़ा मोटा-मोटा काट लें। ध्यान रखें कि मेथी को बहुत बारीक न काटें। यही इस रेसिपी की खास ट्रिक है।

दूसरा स्टेप: लहसुन और मिर्च का पेस्ट तैयार करें

अब लहसुन की कलियां छील लें। इसमें हरी मिर्च और थोड़ा नमक मिलाकर सिलबट्टे या मिक्सर की मदद से दरदरा पेस्ट तैयार कर लें। इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें। जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें।

तीसरा स्टेप: मेथी को पकाएं

प्याज अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें तैयार लहसुन-मिर्च का पेस्ट डालें। कुछ देर भूनने के बाद कटी हुई मेथी डाल दें। इसे ढककर मध्यम आंच पर पकाएं। मेथी लगभग 80 प्रतिशत पक जाए तो गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।

चौथा स्टेप: आटा गूंथकर पराठे बेलें

अब एक बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, तिल और स्वादानुसार नमक मिलाएं। तैयार मेथी का मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि मेथी में भी नमी होती है, इसलिए पानी एक साथ ज्यादा न डालें।

पांचवां स्टेप: पराठे सेंककर परोसें

गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पराठे के आकार में बेल लें। गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें। जरूरत के अनुसार तेल या घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं।

लीजिए, आपके स्वादिष्ट और मुलायम मेथी के पराठे तैयार हैं। इन्हें गर्मागर्म दही, अचार या हरी चटनी के साथ परोसें। सर्दियों की सुबह या शाम में इनका स्वाद परिवार के सभी लोगों को पसंद आएगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर