त्योहार पर बनाएं मूंगदाल के दही वड़े, स्वाद भी लाजवाब और बनाना भी आसान
त्योहार पर घर में बनाएं स्वादिष्ट मूंगदाल के दही वड़े। जानिए मूंगदाल भिगोने, वड़े तलने और दही-चटनी के साथ सर्व करने की आसान रेसिपी।


लाईफस्टाइल डेस्क। त्योहारों के मौसम में घर पर दही वड़ा बनाना हर किसी को पसंद होता है। आमतौर पर दही वड़े उड़द दाल से तैयार किए जाते हैं, लेकिन कुछ लोगों को उड़द दाल खाने के बाद भारीपन या पेट संबंधी परेशानी महसूस हो सकती है। ऐसे में आप मूंगदाल के दही वड़े ट्राई कर सकते हैं।
मूंगदाल से बने दही वड़े स्वादिष्ट और मुलायम होते हैं। त्योहार, घर में मेहमानों के आने या किसी खास मौके पर इन्हें आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं मूंगदाल के दही वड़े बनाने की आसान विधि।
मूंगदाल के दही वड़े के लिए सामग्री
1 कटोरी धुली मूंगदाल
2 चम्मच उड़द दाल (वैकल्पिक)
नमक स्वादानुसार
थोड़ा सा जीरा
चुटकी भर हींग
तलने के लिए तेल
दही
इमली की मीठी-खट्टी चटनी
हरी चटनी
हरा धनिया
हरी मिर्च
भुना हुआ जीरा पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
ऐसे तैयार करें मूंगदाल के दही वड़े
1. दाल को भिगोकर रखें
सबसे पहले एक कटोरी धुली मूंगदाल लें। इसमें दो चम्मच उड़द दाल मिला सकते हैं। उड़द दाल डालना पूरी तरह वैकल्पिक है। इससे वड़े में थोड़ी चिकनाई और नरमी आ सकती है।
दोनों दालों को अच्छी तरह धोकर रातभर या करीब 6 से 7 घंटे पानी में भिगोकर रखें।
2. दाल को पीसकर अच्छी तरह फेंटें
भीगी हुई दाल को साफ पानी से एक-दो बार धोकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब दाल को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। जरूरत पड़ने पर एक-दो चम्मच पानी डाल सकते हैं।
पिसी हुई दाल को एक बर्तन में निकालकर अच्छी तरह फेंटें। दाल को फेंटते समय एक ही दिशा में फेंटने की कोशिश करें। इससे बैटर हल्का और वड़े नरम बन सकते हैं।
बैटर तैयार हुआ है या नहीं, यह जांचने के लिए एक कटोरी पानी में दाल की एक छोटी बूंद डालें। अगर बैटर पानी में तैरने लगे तो समझें कि यह वड़े बनाने के लिए तैयार है।
3. वड़े तलकर पानी में डालें
अब तैयार बैटर में थोड़ा नमक और जीरा मिलाएं। कड़ाही में तेल गर्म करें और बैटर से छोटे-छोटे गोल वड़े बनाकर सुनहरा होने तक तलें।
दूसरी ओर एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ी सी हींग डालें। तले हुए वड़ों को इस पानी में डालते जाएं और करीब 1 से 2 घंटे तक पानी में रहने दें। इससे वड़े नरम हो जाएंगे।
ये भी पढ़े: झटपट बनाएं केले के स्वादिष्ट और मुलायम अप्पे
4. दही और चटनी के साथ करें सर्व
अब वड़ों को पानी से निकालकर हल्के हाथों से अच्छी तरह निचोड़ लें। एक प्लेट में दो वड़े रखें। इसके ऊपर अच्छी तरह फेंटा हुआ दही डालें।
अब इमली की चटनी, हरी चटनी, हरा धनिया और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से भुना हुआ जीरा पाउडर, थोड़ा नमक और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें।
इस तरह तैयार होंगे स्वादिष्ट और नरम मूंगदाल के दही वड़े, जिन्हें आप त्योहार पर परिवार और मेहमानों के साथ सर्व कर सकते हैं।
त्योहार की थाली में बनाएं खास
अगर आप इस त्योहार पर दही वड़े की कोई अलग वैरायटी ट्राई करना चाहते हैं, तो मूंगदाल के दही वड़े एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। चटनी, मसालों और ठंडे दही के साथ इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

