Masala Gobhi Recipe: आलू-गोभी नहीं, इस बार बनाएं मसाला फूलगोभी, रणवीर बरार की आसान रेसिपी से मिलेगा लाजवाब स्वाद
Masala Gobhi Recipe: जानिए सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार की मसाला फूलगोभी बनाने की आसान रेसिपी। खट्टे-मीठे और मसालेदार स्वाद से भरपूर यह डिश सभी को पसंद आएगी।

अगर आप रोज़-रोज़ एक जैसी आलू-गोभी की सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई करें। मसाला फूलगोभी एक ऐसी स्वादिष्ट डिश है, जिसमें हल्का तीखापन, खट्टापन और मिठास का बेहतरीन संतुलन मिलता है। सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर इसकी खास रेसिपी साझा की है, जिसे आप आसानी से घर पर बना सकते हैं।
मसाला फूलगोभी बनाने के लिए सामग्री
1 बड़ी फूलगोभी (धोकर साफ की हुई)
2 बड़े चम्मच तेल
4–5 बड़े चम्मच घी (अलग-अलग चरणों में)
1 इंच अदरक (कुटा हुआ)
4–5 हरी मिर्च
½ छोटा चम्मच सरसों (राई)
½ छोटा चम्मच कलौंजी
2 बड़े चम्मच धनिया पाउडर
½ बड़ा चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 चुटकी हींग
स्वादानुसार नमक
1 कप पानी
½ बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
1 कप भीगा हुआ इमली का पानी
थोड़ी किशमिश
1 छोटा चम्मच चीनी
गार्निश के लिए नमकीन बूंदी, हरी मिर्च और लाल मिर्च पाउडर
मसाला फूलगोभी बनाने की विधि
सबसे पहले इमली को गर्म पानी में भिगोकर उसका पानी तैयार कर लें। इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी और नमक मिलाकर उसमें फूलगोभी को कुछ देर के लिए भिगो दें।
अब एक पैन में तेल और घी गर्म करें। इसमें फूलगोभी डालकर 4–5 मिनट तक या आधा पकने तक भूनें और फिर अलग निकाल लें।
उसी पैन में थोड़ा और तेल और घी डालें। इसमें कुटा हुआ अदरक, हरी मिर्च, धनिया के डंठल, राई और कलौंजी डालकर 2 मिनट तक भूनें। इसके बाद धनिया पाउडर, देगी लाल मिर्च, हल्दी, हींग और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं।
अब इसमें एक कप पानी डालकर उबाल आने दें। इसके बाद भुनी हुई फूलगोभी और किशमिश डालें। ढक्कन लगाकर 4–5 मिनट तक पकाएं।
अंत में कसूरी मेथी, इमली का पानी और थोड़ी चीनी डालें। सब्जी को तब तक पकाएं जब तक मसाला अच्छी तरह फूलगोभी में समा न जाए।
अब तैयार मसाला फूलगोभी को सर्विंग प्लेट में निकालें। ऊपर से नमकीन बूंदी, कटी हरी मिर्च और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालकर गार्निश करें। गरमागरम पूरी, पराठे या फुल्के के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
स्वाद के साथ मिलेगा नया ट्विस्ट
अगर आप घर में कुछ अलग और रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं, तो मसाला फूलगोभी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। खट्टे-मीठे और मसालेदार फ्लेवर वाली यह रेसिपी खास मौकों के साथ-साथ रोज़मर्रा के खाने में भी नया स्वाद जोड़ सकती है।
