स्कूल में पूर्व प्राचार्य के धूम्रपान का वीडियो वायरल, क्लास रूम में बीड़ी-सिगरेट पीने का दावा; शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
मधुसूदनगढ़ के उकावद स्कूल से पूर्व प्राचार्य के धूम्रपान का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मचा है। शिक्षा विभाग ने वीडियो की जांच शुरू कर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।


मधुसूदनगढ़। प्रदेश में एक ओर सरकार नशामुक्ति और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं मधुसूदनगढ़ तहसील के ग्राम उकावद स्थित संकुल केंद्र हाईस्कूल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पूर्व प्राचार्य के क्लास रूम और कार्यालय में धूम्रपान करने का दावा किया जा रहा है।
वायरल वीडियो को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए अनुशासन और संस्कार का स्थान है। ऐसे में यदि स्कूल परिसर में ही धूम्रपान किया गया है तो यह गंभीर मामला है और शिक्षा विभाग को इसकी जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए।
क्लास रूम और ऑफिस में धूम्रपान का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पूर्व प्राचार्य जगदीशचंद्र शिकारी के बीड़ी-सिगरेट पीते हुए दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में उन्हें कभी क्लास रूम के अंदर और कभी कार्यालय में कुर्सी पर बैठकर धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है।
हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अतिथि शिक्षक भर्ती को लेकर भी रह चुके हैं विवादों में
जगदीशचंद्र शिकारी इससे पहले भी अतिथि शिक्षक भर्ती को लेकर विवाद में रह चुके हैं। उन पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। शिकायत में आरोप था कि अधिक अंक वाले योग्य उम्मीदवार की जगह उनके बेटे को अतिथि शिक्षक के पद पर ज्वाइन कराया गया और उसका वेतन भी जारी हुआ।
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने जांच कराई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद योग्य अतिथि शिक्षक को ज्वाइन कराया गया और तत्कालीन प्राचार्य को वहां से हटा दिया गया।
आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों की जांच भी चर्चा में
पूर्व प्राचार्य पर आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े आरोप लगाए जाने की बात भी सामने आई है। इन शिकायतों को लेकर जांच लंबित होने की जानकारी दी जा रही है। ऐसे में धूम्रपान का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर पूर्व प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
DEO बोले- वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में सामने आई आर्थिक अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों की भी जांच कराकर नियमानुसार ठोस कार्रवाई की जाएगी।
अब शिक्षा विभाग की जांच में वायरल वीडियो की वास्तविकता क्या सामने आती है और पूर्व में लगाए गए आरोपों पर विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर है।
