VIDEO: जंगली हाथी ने बाइक सवार को दो बार पैरों से कुचला, फिर जो हुआ उसे देखकर रह गए सब हैरान
उत्तराखंड के हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर जंगली हाथी ने बाइक सवार को दो बार कुचला। नेपाली फार्म की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।


हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एक जंगली हाथी के हमले का खौफनाक वीडियो सामने आया है। नेपाली फार्म के पास गुरुवार (12 नवंबर) तड़के एक हाथी ने बाइक सवार युवक को दो बार अपने पैरों से कुचल दिया। इस दौरान युवक हाथी के पैरों के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद लोग यह नजारा देखकर दहशत में आ गए। हालांकि, हाथी के वहां से हटते ही बाइक सवार अचानक अपने पैरों पर खड़ा हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अचानक सामने आ गया जंगली हाथी
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह करीब 4 बजे की है। नेपाली फार्म के पास हाईवे से गुजर रहे बाइक सवार का अचानक एक जंगली हाथी से सामना हो गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हाथी बाइक सवार के ऊपर दो बार पैर रखता है। इस दौरान युवक का शरीर हाथी के भारी पैरों के नीचे दब जाता है। आसपास मौजूद लोग भी यह देखकर सहम जाते हैं। कुछ देर बाद हाथी वहां से हट जाता है और बाइक सवार अपने पैरों पर खड़ा हो जाता है।
हाथी के हमले के बाद युवक का खड़ा होना बना चर्चा का विषय
इस घटना में सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि हाथी के दो बार कुचलने के बावजूद बाइक सवार उठकर खड़ा हो गया। वीडियो में उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान स्पष्ट नजर नहीं आते। हालांकि, उसकी वास्तविक शारीरिक स्थिति और चोटों की जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कैब ड्राइवर ने कैमरे में कैद की घटना
हाथी के हमले की यह पूरी घटना वहां से गुजर रहे कैब ड्राइवर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शिवा शर्मा ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड की। उन्होंने 12 नवंबर को सुबह 3 बजकर 46 मिनट पर अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो साझा किया। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर वन्यजीवों की आवाजाही और जंगली हाथियों के बीच से गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीवों की मौजूदगी वाले मार्गों पर वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
