भाई दूज पर रिश्तेदार के घर आए 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, खेत में शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
टीकमगढ़ के भीतरवार गांव में भाई दूज मनाने आए 18 वर्षीय विष्णु अहिरवार की खेत में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में चाकू मारकर हत्या। पुलिस मामले की जांच में जुटी।


टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में भाई दूज का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भीतरवार में रिश्तेदार के घर त्योहार मनाने आए 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गांव के बाहर खेत में चल रही शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक जान बचाने के लिए भागा, लेकिन करीब 50 मीटर दूर स्कूल के पास पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विष्णु अहिरवार (18), पिता रामलाल अहिरवार, निवासी ग्राम दोहे चक्र, थाना कुड़ीला के रूप में हुई है। विष्णु 10 नवंबर को भाई दूज का त्योहार मनाने अपने जीजा संतोष अहिरवार के घर ग्राम भीतरवार आया था। परिवार में त्योहार की खुशियां थीं, लेकिन रात में हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
खेत में शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
बताया गया है कि रात करीब 9 बजे गांव के बाहर एक खेत में कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामरतन अहिरवार ने विष्णु पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल विष्णु अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागा, लेकिन अधिक खून बहने के कारण वह घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर स्कूल के पास गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस और एसडीओपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए टीकमगढ़ एसडीओपी सौरभ रत्नाकर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
भाई दूज जैसे पर्व पर जीजा के घर खुशियां बांटने आए युवक की हत्या से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, गांव में भी घटना के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के विरुद्ध जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
