ब्रेकिंग
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026
Maps
Denva Post
सभी खबरें
लाइफस्टाइल डेस्क · 12 मिनट पहले

किचन की गंदी और चिपचिपी तौलिया ऐसे करें साफ, तेल और बदबू से मिलेगा छुटकारा

किचन की गंदी और चिपचिपी तौलिया से तेल और बदबू हटाने के आसान तरीके जानें। गर्म पानी, डिटर्जेंट और सही सफाई से किचन टॉवेल को साफ और फ्रेश रखें।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 12 मिनट पहले
शेयर
किचन की गंदी और चिपचिपी तौलिया ऐसे करें साफ, तेल और बदबू से मिलेगा छुटकारा

लाइफस्टाइल डेस्क। किचन में खाना बनाने से लेकर हाथ पोंछने तक तौलिया का इस्तेमाल रोजाना होता है। ऐसे में किचन टॉवेल पर तेल, खाने के कण और गंदगी जमा होना आम बात है। कई बार सामान्य तरीके से धोने के बाद भी तौलिया पूरी तरह साफ नहीं होती और उसमें चिकनाहट या बदबू बनी रहती है।

गंदी और नमी वाली तौलिया लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर उसमें बैक्टीरिया और फफूंदी पनपने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए किचन में इस्तेमाल होने वाली तौलिया को नियमित रूप से अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सुखाना जरूरी है। कुछ आसान तरीकों से आप चिकनी और गंदी किचन टॉवेल को साफ कर सकते हैं।

गर्म पानी से करें सफाई

किचन की तौलिया पर तेल और खाने के अवशेष चिपके होते हैं, इसलिए केवल ठंडे पानी से धोने पर कई बार गंदगी पूरी तरह नहीं निकलती। इसके लिए सबसे पहले एक बाल्टी में गर्म पानी लें।

अब इसमें थोड़ा डिटर्जेंट डालकर अच्छी तरह मिला लें। गंदी और चिपचिपी किचन तौलिया को इस पानी में डालकर करीब 1 से 2 घंटे तक भिगोकर रखें।

पानी ठंडा होने के बाद तौलिया को निकालें और हाथों से अच्छी तरह रगड़ें। इसके बाद दोबारा गर्म पानी से तौलिया को धो लें। इससे जमा हुआ तेल और गंदगी काफी हद तक निकल सकती है।

साबुन और ब्रश से हटाएं जिद्दी गंदगी

अगर तौलिया पर अभी भी तेल या दाग दिखाई दे रहे हैं तो उस हिस्से पर कपड़े धोने वाला साबुन लगाएं। इसके बाद हल्के हाथों से ब्रश की मदद से रगड़ें।

बहुत ज्यादा जोर से ब्रश करने से कपड़े के रेशे खराब हो सकते हैं, इसलिए दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से सफाई करें। इसके बाद साफ पानी से तौलिया को अच्छी तरह धो लें।

तौलिया से बदबू आ रही है तो धूप में सुखाएं

अगर किचन टॉवेल से सीलन या फफूंदी जैसी बदबू आने लगी है तो उसे धोने के साथ-साथ अच्छी तरह सुखाना भी जरूरी है। इस्तेमाल के बाद तौलिया को मोड़कर या गीला छोड़ने के बजाय खुली जगह पर फैलाकर सुखाएं।

धूप में अच्छी तरह सुखाना नमी कम करने और बदबू को दूर करने में मदद कर सकता है। किचन का काम खत्म होने के बाद टॉवेल को ऐसी जगह रखें जहां हवा और धूप मिल सके।

किचन और बाथरूम की तौलिया अलग रखें

किचन और बाथरूम में इस्तेमाल होने वाली तौलिया को एक साथ धोने से बचना चाहिए। दोनों जगहों की तौलिया अलग-अलग तरह की गंदगी के संपर्क में आती हैं। इसलिए इन्हें अलग रखकर धोना बेहतर है।

अगर तौलिया महंगी या किसी खास फैब्रिक की है तो उसे धोने से पहले उसके केयर लेबल पर दिए निर्देश जरूर पढ़ें। बहुत गर्म पानी या तेज केमिकल का इस्तेमाल कुछ कपड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।

बदबू के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल

अगर तौलिया में लंबे समय से बदबू बनी हुई है तो धोते समय थोड़ी मात्रा में बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है। कुछ लोग पानी में नींबू का रस भी मिलाते हैं, लेकिन किसी भी मिश्रण का इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के फैब्रिक और उसके केयर लेबल को ध्यान में रखना जरूरी है।

तौलिया को धोने के बाद उसे पूरी तरह सूखने दें। गीली या नम तौलिया को दोबारा इस्तेमाल करने से बचें।

कितनी बार धोनी चाहिए किचन टॉवेल?

किचन में रोजाना इस्तेमाल होने वाली तौलिया को बहुत लंबे समय तक बिना धोए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। खासकर अगर तौलिया पर तेल, खाने के कण या नमी ज्यादा लगती है, तो उसे नियमित अंतराल पर धोना जरूरी है।

यह खबर शेयर करें
शेयर