ब्रेकिंग
बुधवार, 9 सितंबर 2026
नए स्थान तलाशें
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल/दुबई · 15 मिनट पहले

दुबई में CM मोहन यादव की निवेशकों से वन-टू-वन मुलाकात, MP में लॉजिस्टिक्स से ग्रीन एनर्जी तक निवेश पर जोर

CM मोहन यादव ने दुबई में निवेशकों से मुलाकात कर MP में लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, ई-मोबिलिटी, शिक्षा और रिटेल निवेश पर चर्चा की।

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 15 मिनट पहले
शेयर
दुबई में CM मोहन यादव की निवेशकों से वन-टू-वन मुलाकात, MP में लॉजिस्टिक्स से ग्रीन एनर्जी तक निवेश पर जोर

भोपाल/दुबई। मध्य प्रदेश को देश के साथ वैश्विक कारोबार और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में निवेशकों और प्रमुख उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन मुलाकात की। एआईएम कांग्रेस-2026 के तीसरे दिन हुई इन बैठकों में लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, ई-मोबिलिटी, शिक्षा, हेल्थकेयर और रिटेल सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

नए स्थान तलाशें

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्य प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, औद्योगिक अधोसंरचना, ऊर्जा उपलब्धता और कुशल मानव संसाधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश के मध्य में स्थित होने के कारण मध्य प्रदेश से देश के किसी भी हिस्से तक उत्पादों की पहुंच आसान है।

मुख्यमंत्री ने उद्योग समूहों को 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

पवारखेड़ा को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की तैयारी

डीपी वर्ल्ड के सीईओ रिजवान सूमार के साथ बैठक में मध्य प्रदेश में लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन नेटवर्क के विस्तार पर चर्चा हुई। कंपनी पहले से प्रदेश में काम कर रही है और अपनी गतिविधियों का विस्तार करने में रुचि दिखा रही है।

मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम के पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बताईं।

यहां मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन सुविधाओं के विस्तार से किसानों, एफपीओ, एमएसएमई और उद्योगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। रेल आधारित माल परिवहन से लागत और समय कम करने के साथ प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

ऊर्जा और टेक्नोलॉजी सेक्टर में निवेश पर चर्चा

क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के सीईओ बद्र जाफर के साथ हुई बैठक में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और प्रदेश के प्रमुख उत्पादन क्लस्टर्स पर चर्चा हुई। समूह ने शहरी अधोसंरचना, सूचना प्रौद्योगिकी, संसाधनों के बेहतर उपयोग और तकनीक हस्तांतरण के क्षेत्र में दीर्घकालीन निवेश में रुचि दिखाई।

बैठक में ऊर्जा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए प्रयोगों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

डेटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन और ई-मोबिलिटी पर फोकस

राणा होल्डिंग्स के चेयरमैन-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और कृषि मशीनरी में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

वहीं ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन के सीईओ सिद्धार्थ बालाचंद्रन ने मध्य प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में निवेश में रुचि जताई।

भोपाल-इंदौर में खुल सकते हैं K-12 इंटरनेशनल स्कूल

जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन-फाउंडर सनी वर्की के साथ बैठक में शिक्षा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कंपनी मध्य प्रदेश के प्रमुख और तेजी से विकसित हो रहे शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल कैंपस स्थापित करने में रुचि रखती है।

नए स्थान तलाशें

इन संस्थानों में विद्यार्थियों के कौशल विकास पर जोर देने के साथ स्थानीय जरूरतों और भविष्य की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम लागू करने की योजना पर चर्चा हुई।

इंदौर-पीथमपुर में लॉजिस्टिक्स पार्क के लिए 30-50 मिलियन डॉलर का प्रस्ताव

शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर के साथ बैठक में शिपिंग, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन से जुड़े निवेश पर चर्चा हुई।

कंपनी इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में रेल-साइडिंग से जुड़े लॉजिस्टिक्स पार्क की स्थापना में रुचि रखती है। इसके लिए करीब 30 से 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर निवेश का प्रस्ताव बताया गया है।

प्रस्तावित परियोजना से करीब 300 से 600 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। कंपनी मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, आधुनिक वेयरहाउसिंग और रीजनल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर विकसित करने पर भी विचार कर रही है।

भोपाल और इंदौर में बढ़ सकती हैं वीजा सेवाएं

वीएफएस ग्लोबल के वैश्विक प्रमुख अमित साइचर के साथ मुख्यमंत्री की बैठक में निवेश, रोजगार, पर्यटन, वीजा सेवाओं और युवाओं के कौशल विकास पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने भोपाल और इंदौर में वीजा आवेदन सेवाओं के विस्तार के लिए कंपनी को प्रोत्साहित किया। पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार हुआ।

आधुनिक रिटेल और फूड प्रोसेसिंग में निवेश की तैयारी

चोइथराम समूह के अध्यक्ष एलटी पगरानी के साथ बैठक में आधुनिक रिटेल और खाद्य क्षेत्र में निवेश पर चर्चा हुई। समूह प्रमुख शहरों में आधुनिक सुपरमार्केट और किराना रिटेल केंद्र स्थापित करने में रुचि रखता है।

इसके साथ ही किसानों और स्थानीय उत्पादकों से सीधे कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद खरीदने, स्थानीय कच्चे माल से फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निजी लेबल निर्माण को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

MP-शारजाह बिजनेस फोरम बनाने का प्रस्ताव

एआईएम कांग्रेस-2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी मुलाकात की।

बैठक में मध्य प्रदेश और शारजाह के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने तथा प्रदेश में निवेश बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने शारजाह से उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल को मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया।

इसके साथ ही दोनों क्षेत्रों के कारोबारियों के बीच सेक्टर आधारित B2B बैठकें आयोजित करने के लिए ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ बनाने का प्रस्ताव रखा गया।

मुख्यमंत्री ने एमएसएमई और निर्यातकों को खाड़ी देशों के खरीदारों एवं वितरकों से जोड़ने में शारजाह चैंबर से सहयोग मांगा। शारजाह की कंपनियों को फूड पार्क, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मा, रिन्यूएबल एनर्जी और पर्यटन परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया।

शारजाह की विकास यात्रा की भी जानकारी ली

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने शारजाह के विकास और आर्थिक यात्रा के बारे में भी जानकारी ली। अल ओवैस ने शारजाह चैंबर के प्रदर्शनी हॉल में लगी प्रदर्शनी के माध्यम से 1974 से अब तक शारजाह के विकास की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री की इन बैठकों में मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश, लॉजिस्टिक्स और निर्यात के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म के रूप में प्रस्तुत करने पर विशेष जोर रहा। अब इन चर्चाओं को निवेश प्रस्तावों और वास्तविक परियोजनाओं में बदलना राज्य सरकार के लिए अगली महत्वपूर्ण चुनौती होगी।

नए स्थान तलाशें

यह खबर शेयर करें
शेयर