ब्रेकिंग
मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 21-08-2026

शिक्षक अभ्यर्थियों की नारेबाजी के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का पेन डाउन, दो घंटे प्रभावित रहा कामकाज

भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों के लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय में नारेबाजी के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने दो घंटे पेन डाउन रखा। अभ्यर्थियों का पद वृद्धि और नियुक्ति को लेकर आंदोलन जारी।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 21-08-2026
शेयर
शिक्षक अभ्यर्थियों की नारेबाजी के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का पेन डाउन, दो घंटे प्रभावित रहा कामकाज

भोपाल। प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के एक समूह के लोक शिक्षण आयुक्त के कक्ष में प्रवेश कर नारेबाजी करने की घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को दो घंटे का पेन डाउन रखा। कर्मचारियों के काम से दूर रहने के कारण आयुक्त कार्यालय की शासकीय गतिविधियां प्रभावित रहीं। हालांकि दो घंटे बाद कर्मचारी वापस अपने काम पर लौट आए।

घटना के विरोध में राज्य शिक्षा केंद्र परिसर के बाहर विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने प्रदर्शन किया और सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

आयुक्त के कक्ष में पहुंचकर की थी नारेबाजी

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा के उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का एक समूह लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह के कक्ष में पहुंच गया था। यहां अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को परिसर से बाहर किया। घटना के बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखने को मिली।

कर्मचारी संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन

घटना के विरोध में संविदा कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने राज्य शिक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया।

संगठन के अध्यक्ष रमेश राठौर ने कहा कि अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी सरकारी अधिकारी के कार्यालय में जबरन प्रवेश कर नारेबाजी करना उचित नहीं है।

वहीं अल्पवेतन भोगी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार साकल्ले के नेतृत्व में भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।

माफी के बाद दो घंटे का पेन डाउन

कर्मचारी नेता मुकेश शर्मा के मुताबिक घटना के बाद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने लोक शिक्षण आयुक्त से माफी मांग ली थी। इसके बावजूद कर्मचारियों ने घटना के विरोध में दो घंटे का पेन डाउन रखा।

उन्होंने बताया कि शासकीय कामकाज पूरी तरह प्रभावित न हो, इसलिए दो घंटे बाद कर्मचारी अपने कार्यालयों में वापस लौट आए और नियमित कामकाज शुरू कर दिया।

शिक्षा विभाग के सचिव पहुंचे आयुक्त कार्यालय

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल भी लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विषम परिस्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों की एकजुटता की सराहना की।

सचिव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कर्मचारियों से छात्र हित को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करते रहने की अपील की।

पद वृद्धि और नियुक्ति की मांग पर आंदोलन जारी

दूसरी ओर प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का आंदोलन अभी भी जारी है। अभ्यर्थी पद वृद्धि और नियुक्ति की मांग को लेकर नीलम पार्क में प्रदर्शन कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाई जाए और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं।

आंदोलनरत अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, इसके बावजूद परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल रही है। अभ्यर्थियों ने डीएलएड डिग्री से जुड़े मुद्दे और पद वृद्धि नहीं होने को भी नियुक्ति प्रक्रिया में बाधा बताया है।

अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक पदों की संख्या बढ़ाकर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर