ब्रेकिंग
शनिवार, 3 अक्टूबर 2026
मानचित्र ऐप खोजें
Denva Post
सभी खबरें
लाईफस्टाइल डेस्क · 26-08-2026

केले के अप्पे रेसिपी: झटपट बनाएं स्वादिष्ट और मुलायम अप्पे

नाश्ते या बच्चों के टिफिन के लिए बनाएं स्वादिष्ट केले के अप्पे। जानिए केला, दूध, सूजी और ड्राई फ्रूट्स से अप्पे बनाने की आसान रेसिपी।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 26-08-2026
शेयर
केले के अप्पे रेसिपी: झटपट बनाएं स्वादिष्ट और मुलायम अप्पे

लाईफस्टाइल डेस्क। रोज-रोज नाश्ते में क्या बनाया जाए, यह सोचकर अगर आप भी परेशान हो जाते हैं तो केले से बने अप्पे एक स्वादिष्ट और आसान विकल्प हो सकते हैं। नमकीन अप्पे तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन इस बार मीठे और मुलायम केले के अप्पे बनाकर देखें। इनका स्वाद कुछ-कुछ मफिन जैसा लगता है और इन्हें सुबह के नाश्ते के अलावा शाम की चाय या कॉफी के साथ भी परोसा जा सकता है।

बच्चों के टिफिन के लिए भी केले के अप्पे अच्छा विकल्प हैं। इन्हें और स्वादिष्ट बनाने के लिए ऊपर से थोड़ा चॉकलेट सिरप या शहद डाला जा सकता है। अगर बच्चों को चॉकलेट पसंद है तो बैटर में चॉकोचिप भी मिलाई जा सकती हैं।

केले के अप्पे बनाने के लिए सामग्री

1 बड़ा केला

1 कप मैदा

2 कप दूध

2 बड़े चम्मच सूजी

आधा कप बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स

2 बड़े चम्मच चीनी

2 अंडे

1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

1½ छोटा चम्मच वनीला एसेंस

अप्पे सेंकने के लिए तेल या बटर

सर्व करने के लिए शहद या चॉकलेट सिरप

कैसे बनाएं केले के अप्पे

1. तैयार करें बैटर

सबसे पहले एक बड़े बाउल में केले को डालकर कांटे की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें दूध, मैदा, सूजी, अंडे और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स, इलायची पाउडर और वनीला एसेंस डालें।

सभी सामग्री को अच्छी तरह फेंटकर एक स्मूद बैटर तैयार कर लें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा पतला या बहुत ज्यादा गाढ़ा न हो।

2. अप्पे मेकर में सेंकें

अब अप्पे मेकर को मध्यम आंच पर गर्म करें। इसके प्रत्येक सांचे में थोड़ा तेल या बटर लगाएं। तैयार बैटर को सांचों में डालें और अप्पे को धीरे-धीरे पलटते हुए चारों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें।

इसी तरह बचे हुए बैटर से सारे अप्पे तैयार कर लें। अप्पे बाहर से हल्के क्रिस्पी और अंदर से नरम रहेंगे।

3. शहद या चॉकलेट सिरप के साथ करें सर्व

तैयार केले के अप्पे को गर्मागर्म प्लेट में निकालें और ऊपर से शहद डालकर सर्व करें। इन्हें चाय या कॉफी के साथ भी खाया जा सकता है।

अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो बैटर में थोड़ी चॉकोचिप मिलाई जा सकती है। चाहें तो अप्पे के बीच में छोटा सा चॉकलेट का टुकड़ा रखकर भी सेंक सकते हैं। इससे अप्पे के अंदर चॉकलेटी स्वाद आएगा। तैयार अप्पे के ऊपर चॉकलेट सिरप डालकर भी सर्व किया जा सकता है।

बच्चों के टिफिन के लिए भी बढ़िया विकल्प

केले के अप्पे कम समय में तैयार होने वाला स्वादिष्ट नाश्ता है। इसमें केला, दूध, ड्राई फ्रूट्स और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि इसे बच्चों के स्कूल टिफिन में भी दिया जा सकता है। सुबह के नाश्ते में कुछ अलग और मीठा बनाने की इच्छा हो तो केले के अप्पे जरूर ट्राई करें।

यह खबर शेयर करें
शेयर