रासायनिक खेती छोड़ प्राकृतिक और जैविक खेती को जन आंदोलन बनाएं नवांकुर संस्थाएं : पद्मश्री मोहन नागर
जिला स्तरीय परिषद संवाद बैठक में किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए जागरूक करने का किया आह्वान, गांव-गांव तक पहुंचाने पर दिया जोर


नर्मदापुरम। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर बढ़ती निर्भरता को कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए समाज में व्यापक जागरूकता लाते हुए प्राकृतिक और जैविक खेती को जन आंदोलन का रूप देना होगा। यह बात मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं पद्मश्री मोहन नागर ने सोमवार को जिला पंचायत सभागृह में आयोजित जिला स्तरीय परिषद संवाद बैठक में कही।
परिषद की संवाद योजना के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में उन्होंने नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से गांव-गांव तक प्राकृतिक एवं जैविक खेती का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल कृषि पद्धति में बदलाव नहीं, बल्कि मिट्टी, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी प्राकृतिक खेती
पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से खेती और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों को देखते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना जरूरी है। प्राकृतिक एवं जैविक खेती से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण करने और समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि इस बदलाव के लिए केवल किसानों को सलाह देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बीच लगातार संवाद और जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।
गांव-गांव किसानों को जागरूक करें नवांकुर संस्थाएं
मोहन नागर ने नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कहा कि वे स्थानीय किसानों के साथ संवाद स्थापित करें और उन्हें प्राकृतिक एवं जैविक खेती के फायदे बताएं। इसके लिए गांवों में बैठकें, जनजागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक सहभागिता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद से जुड़ी संस्थाएं सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता का कार्य किया जा सकता है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
जिला स्तरीय परिषद संवाद बैठक में परिषद के सदस्य बुद्धपाल सिंह, सामाजिक न्याय विभाग की संचालिका सीमा बड़ोले, संभाग समन्वयक कौशलेंद्र तिवारी, जिला समन्वयक कोकिला चतुर्वेदी सहित जिले के सभी विकासखंडों के नवांकुर संस्था प्रतिनिधि एवं विकासखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
