MP Patwari Recruitment 2026: दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 पटवारी पदों पर भर्ती, 4 अगस्त से आवेदन शुरू
MPESB Patwari Jobs 2026: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 200 पटवारी पदों पर विशेष भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है।


भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों के लिए विशेष भर्ती अभियान के तहत 200 पटवारी पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। ग्रुप-2 उप-समूह-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा 2026 के माध्यम से होने वाली इस भर्ती के लिए इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 4 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
अधिसूचना के अनुसार यह भर्ती केवल मध्य प्रदेश के स्थायी निवासी दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए है। कुल 200 पदों में श्रवण बाधित (EH) वर्ग के लिए 94 पद, लोकोमोटर विकलांगता (LD) वर्ग के लिए 45 पद और बहुविकलांगता, ऑटिज्म एवं बौद्धिक दिव्यांगता (MD) वर्ग के लिए 61 पद निर्धारित किए गए हैं।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक और मध्य प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री आवश्यक होगी। साथ ही हिंदी टाइपिंग एवं कंप्यूटर दक्षता के लिए वैध CPCT स्कोर कार्ड होना चाहिए। हालांकि जिन अभ्यर्थियों के पास चयन के समय CPCT नहीं होगा, उन्हें नियुक्ति के बाद तीन वर्ष के भीतर इसे उत्तीर्ण करना होगा। संबंधित श्रेणी का वैध दिव्यांग प्रमाण पत्र और मध्य प्रदेश रोजगार कार्यालय में लाइव पंजीयन भी अनिवार्य रहेगा।
आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2026 की स्थिति में उम्मीदवार की आयु 18 वर्ष से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यह सीमा मध्य प्रदेश के स्थायी निवासी दिव्यांग अभ्यर्थियों पर लागू होगी।
आवेदन शुल्क अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC, EWS एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। लंबित सीधी भर्ती रिक्तियों के उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा MP Online कियोस्क शुल्क 60 रुपये तथा पंजीकृत नागरिक लॉगिन शुल्क 20 रुपये अतिरिक्त देय होगा।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Group-2 Sub Group-4 Patwari Recruitment 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद प्रोफाइल बनाकर या लॉगिन कर आवेदन पत्र भरना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन सबमिट करना होगा। आवेदन पत्र का प्रिंट भविष्य के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए पात्रता संबंधी नियम, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।
