मछेराकलां में मुख्यमंत्री जनविश्वास जनसंवाद शिविर, 64 आवेदनों का मौके पर निराकरण
155 युवाओं ने रोजगार मेले में कराया पंजीयन, 79 का प्राथमिक चयन; 312 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण


बनखेड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड बनखेड़ी के ग्राम मछेराकलां में मुख्यमंत्री जनविश्वास जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही कई सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, प्रीति शुक्ला, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, डीएफओ गौरव शर्मा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं और सेवाओं से जुड़े आवेदनों पर जानकारी ली तथा नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में बताया।
जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने और पात्र हितग्राहियों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने की अपील की।
15 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का हितलाभ
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। इनमें जननी सुरक्षा योजना के 4 और प्रसूति सहायता योजना के 3 हितग्राही शामिल रहे। टीबी से पीड़ित 5 मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित की गईं।
कक्षा 12वीं में अच्छे अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाली कुमारी मानसी पटेल को ई-स्कूटी प्रदान की गई। वहीं 10 विद्यार्थियों को साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गई।
इसके अलावा 2 हितग्राहियों को स्वच्छता किट, एक स्ट्रीट वेंडर को स्वरोजगार के लिए 50 हजार रुपये का ऋण तथा एक हितग्राही को सिलाई मशीन और टेलरिंग व्यवसाय के लिए 15 हजार रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया।
64 आवेदनों का मौके पर निराकरण
शिविर में नागरिकों से विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 64 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि 11 आवेदन लंबित रहे।
इसके अलावा 8 लोगों के आधार कार्ड अपडेट किए गए और 29 लोगों की समग्र ई-केवाईसी की गई। नागरिकों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने के लिए विभागीय स्तर पर भी सहायता उपलब्ध कराई गई।
93 फार्मर आईडी और 82 आभा कार्ड बने
कृषि विभाग द्वारा शिविर में 93 फार्मर आईडी जेनरेट की गईं। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 82 आभा कार्ड बनाए गए।
शिविर में 312 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष विभाग की ओर से 262 नागरिकों को दवाइयां वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 345 नागरिकों को पोषण संबंधी परामर्श दिया।
रोजगार मेले में 155 युवाओं का पंजीयन
मुख्यमंत्री जनविश्वास जनसंवाद शिविर के तहत रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया। इसमें 155 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया। इनमें से 8 युवाओं को मंच से ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जबकि 79 युवाओं का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया।
युवाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग भी आयोजित की गई, जिसमें 72 छात्र-छात्राओं को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और रोजगार की संभावनाओं के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की जानकारी दी।
उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
शिविर में उद्यम संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों और युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए।
उद्यमियों ने बताया कि किस तरह सरकारी योजनाओं के माध्यम से प्राप्त ऋण, आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं का उपयोग कर उन्होंने व्यवसाय शुरू किया और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
योजनाओं की जानकारी के साथ मौके पर मिली सुविधाएं
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, रोजगार, स्वरोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों को आवश्यक प्रक्रियाओं और योजनाओं के लाभ के बारे में भी जानकारी दी।
