शराब पार्टी में विवाद, युवक की बेरहमी से हत्या: 24 घंटे में दो सगे भाई गिरफ्तार
झल्लार थाना क्षेत्र के खोदरी गांव में 25 वर्षीय शेखर पाल की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। शराब पार्टी में विवाद के बाद हत्या के आरोप में दो सगे भाई गिरफ्तार।


बैतूल। झल्लार थाना क्षेत्र के खोदरी गांव में 25 वर्षीय युवक शेखर पाल की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद दो सगे भाइयों ने शेखर के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से उसके सिर व गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की मां ने 30 सितंबर को झल्लार थाने में शेखर पाल की गुमशुदगी की सूचना दी थी। परिजनों ने बताया कि शेखर सुबह करीब 9 बजे खोदरी निवासी सुनील टांडिलकर भगत के साथ सिरदर्द का इलाज कराने की बात कहकर घर से निकला था। शाम तक शेखर के वापस नहीं लौटने और उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान रात करीब 8 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि खोदरी में सुनील के घर के आसपास शेखर की हत्या कर दी गई है। परिजनों ने सुनील टांडिलकर और उसके भाई गजानंद टांडिलकर पर संदेह जताया। सूचना मिलते ही झल्लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, घटना के समय गजानंद, सुनील और शेखर एक स्थान पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान शेखर द्वारा गजानंद की पत्नी को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, इस टिप्पणी से नाराज होकर दोनों भाइयों ने शेखर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों भाइयों ने धारदार हथियार से शेखर के सिर और गर्दन पर वार किए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद शव को गजानंद के घर के सामने स्थित सुनील के टपरे में छिपा दिया गया था, जहां से पुलिस ने शव बरामद किया।
24 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गजानंद टांडिलकर (31) और उसके भाई सुनील टांडिलकर (33), दोनों निवासी खोदरी, को गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी की टीम ने भी जांच की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हत्या की परिस्थितियों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
