MP News: सात हजार रिश्वत लेते महिला पटवारी और उसका साथी गिरफ्तार, नामांतरण की कार्रवाई के बदले मांगी घूस
राजगढ़ के जीरापुर में भोपाल लोकायुक्त ने महिला पटवारी सीमा दांगी और उसके साथी को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।


जीरापुर। राजगढ़ जिले के जीरापुर में भोपाल लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए महिला पटवारी और उसके साथी को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। नामांतरण की कार्रवाई के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम श्यामपुरा निवासी राम प्रसाद दांगी ने 13 अगस्त को लोकायुक्त पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने ग्राम खेजड़िया-1 स्थित भूमि के नामांतरण के लिए आवेदन किया था। आवेदन की स्थिति जानने के लिए जब उसने संबंधित पटवारी सीमा दांगी से संपर्क किया तो कथित तौर पर नामांतरण की कार्रवाई के बदले 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद गुरुवार को टीम ने रिश्वत लेते आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
निजी कार्यालय में पकड़े गए दोनों आरोपी
लोकायुक्त टीम ने सिरपोई कॉलोनी स्थित पटवारी सीमा दांगी के निजी कार्यालय में कार्रवाई की। आरोप है कि पटवारी ने अपने साथी जमना प्रसाद उर्फ बबलू वर्मा के माध्यम से रिश्वत की राशि ली।
जैसे ही 7 हजार रुपये की रिश्वत ली गई, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नामांतरण जैसे राजस्व कार्य के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है।
