इंदौर में 7 सितंबर को युवा संगम रोजगार मेला, 250 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
इंदौर में 7 सितंबर को युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन होगा। 250 से अधिक पदों पर भर्ती होगी। 18 से 35 वर्ष के 8वीं से पोस्टग्रेजुएट तक के युवा शामिल हो सकेंगे।


इंदौर। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, इनोवेशन और अप्रेन्टिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंदौर में 7 सितंबर, सोमवार को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय, जिला उद्योग केन्द्र परिसर, पोलोग्राउंड इंदौर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा।
रोजगार मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण प्रक्रिया और विभिन्न शासकीय स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा इनोवेशन और अप्रेन्टिसशिप से जुड़े अवसरों के बारे में भी युवाओं को मार्गदर्शन मिलेगा।
कई प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी हिस्सा
उप संचालक रोजगार पी.एस. मंडलोई के अनुसार रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां और संस्थान शामिल होंगे। इनमें निर्माण ऑर्गनाइजेशन, डॉ. रेड्डी फाउंडेशन इंदौर, शेफाली बिजनेस सोल्यूशन, मोजिक वर्कस्किल साईटेड, अपाल्टो इलेक्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, फिनोदया कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड और कोटक महिंद्रा सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के माध्यम से 250 से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा।
इन पदों पर मिलेगा रोजगार का मौका
रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुसार विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें एचआर, ऑफिस असिस्टेंट, कस्टमर सपोर्ट एसोसिएट, ट्रेनी एसोसिएट, डेटा एंट्री ऑपरेटर, अकाउंटेंट, काउंसलर एवं मोबिलाइजर, ट्रेनर, क्वालिटी/प्रोडक्शन इंजीनियर, वेल्डर, फिटर, वेयरहाउस एसोसिएट, फैक्टरी हेल्पर, प्रोडक्शन हेल्पर और रिलेशनशिप ऑफिसर (सेल्स) समेत अन्य पद शामिल हैं।
इससे अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार नौकरी के अवसर मिल सकेंगे।
8वीं से पोस्ट ग्रेजुएशन तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा
युवा संगम रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं कक्षा से लेकर स्नातकोत्तर तक रखी गई है। इसके अलावा बी.फार्मा, आईटीआई और डिप्लोमा धारक युवा भी मेले में भाग ले सकते हैं।
जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां साथ लेकर आएं।
एक ही जगह रोजगार और स्वरोजगार की जानकारी
युवा संगम रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ाना है। मेले में सरकारी योजनाओं के माध्यम से व्यवसाय शुरू करने के लिए उपलब्ध ऋण और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला रोजगार कार्यालय ने इंदौर और आसपास के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर युवा संगम रोजगार मेले का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
