ब्रेकिंग
शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026
नक्शे देखें
Denva Post
सभी खबरें
ग्वालियर · 25-08-2026

55 लाख व्यूज के लिए कार पर 3400 किस, वायरल रील ने पहुंचाया थाने; युवक पर 5500 रुपये का चालान

ग्वालियर में 55 लाख व्यूज के लिए कार पर 3400 किस के निशान बनाकर रील वायरल करने वाले युवक पर यातायात पुलिस ने 5500 रुपये का चालान किया।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 25-08-2026
शेयर
खबरें पढ़ें
55 लाख व्यूज के लिए कार पर 3400 किस, वायरल रील ने पहुंचाया थाने; युवक पर 5500 रुपये का चालान

ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील को वायरल करने की चाहत में ग्वालियर के एक युवक ने अपनी कार को ही वीडियो का हिस्सा बना दिया। युवक की महिला मित्र ने कार की बॉडी पर करीब 3400 बार किस कर लिपस्टिक के निशान बना दिए। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। रील को एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिले, लेकिन सड़क पर तेज रफ्तार से कार चलाते हुए वीडियो सामने आने के बाद मामला यातायात पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक पर 5500 रुपये का चालान किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

यातायात पुलिस के अनुसार कार नंबर MP07 CC 9452 का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कार की पूरी बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती हुई भी नजर आई।

वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कार को ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में ट्रेस कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार को बरामद कर यातायात थाने पहुंचाया और उसके मालिक आदित्य सिकरवार को पूछताछ के लिए बुलाया।

साढ़े तीन घंटे में बनाए गए 3400 किस के निशान

पुलिस पूछताछ में आदित्य ने बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसकी महिला मित्र ने बनाए थे। युवक के मुताबिक, कार उस समय खड़ी थी और उसकी बॉडी पर करीब 3400 किस किए गए। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग साढ़े तीन घंटे का समय लगा।

इसके बाद कार का वीडियो तैयार कर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका उद्देश्य सोशल मीडिया के लिए कुछ अलग तरह की रील बनाना और उसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना था। रील वायरल हुई और उसे करीब 55 लाख व्यूज मिल गए।

थाने में पानी से साफ किए लिपस्टिक के निशान

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद कार को थाने में ही पानी से साफ कराया गया और उसकी बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशान हटा दिए गए।

यातायात पुलिस ने सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों की अनदेखी करने के मामले में युवक का 5500 रुपये का चालान किया।

रील के लिए नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो या रील बनाने के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स हासिल करने के लिए सड़क पर वाहन चलाते समय स्टंट, तेज रफ्तार या किसी भी तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन न करें।

पुलिस ने वाहन चालकों से मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का पालन करने और सोशल मीडिया कंटेंट के लिए अपनी तथा दूसरे राहगीरों की सुरक्षा को खतरे में न डालने की अपील की है।

यह खबर शेयर करें
शेयर