भोपाल में आज ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’, 20 हजार से ज्यादा युवाओं से संवाद करेंगे CM मोहन यादव
भोपाल में आज सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन होगा। CM मोहन यादव 20 हजार से ज्यादा युवाओं से संवाद करेंगे। AI, स्टार्टअप, रोजगार, कौशल विकास और मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा होगी।


भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद मध्यप्रदेश सरकार युवाओं के बीच अपना बड़ा आयोजन करने जा रही है। 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड मैदान में ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेशभर से पहुंचे 20 हजार से ज्यादा युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।
कॉन्क्लेव में युवाओं की पढ़ाई, रोजगार, स्टार्टअप, स्वरोजगार, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य और नई तकनीक जैसे विषयों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री युवाओं की आकांक्षाओं, विचारों और अपेक्षाओं को जानेंगे। इसके साथ ही उच्च शिक्षा और तकनीकी विकास से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
आईआईटी और एम्स के विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
इस बार कॉन्क्लेव में तकनीकी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विशेषज्ञों की भागीदारी भी रहेगी। आईआईटी मुंबई और आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञ युवाओं को तकनीकी शिक्षा, नवाचार और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी देंगे।
वहीं एम्स के मनोचिकित्सक विद्यार्थियों से मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई और करियर का तनाव तथा तनाव से निपटने के उपायों पर संवाद करेंगे। इस तरह कार्यक्रम में करियर और रोजगार के साथ युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रमुखता दी गई है।
17 विभाग बताएंगे रोजगार और करियर के अवसर
कॉन्क्लेव में 17 सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी होगी। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उद्योग, एमएसएमई, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, स्वास्थ्य, परिवहन, आयुष, पुलिस और साइबर सुरक्षा सहित कई विभाग युवाओं को अपनी योजनाओं और अवसरों की जानकारी देंगे।
मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नए कारोबार शुरू करने से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्ष होंगे
लाल परेड मैदान में 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं के साथ रोजगार, प्रशिक्षण, करियर, रिसर्च, तकनीक और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
विश्वविद्यालय अपने शोध और इनोवेशन प्रोजेक्ट्स भी प्रदर्शित करेंगे। ड्रोन तकनीक समेत भविष्य में उपयोगी तकनीकों को युवाओं के सामने रखा जाएगा। स्टार्टअप से जुड़े युवा अपने उत्पाद और नए आइडिया भी प्रदर्शित करेंगे।
कॉन्क्लेव में युवाओं को यह समझने का अवसर मिलेगा कि किसी आइडिया को प्रोडक्ट और फिर प्रोडक्ट को कारोबार में किस तरह बदला जा सकता है।
एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन पर रहेगा फोकस
नई तकनीक कॉन्क्लेव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जैसे क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, रिसर्च और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी युवाओं को दी जाएगी।
सरकार का जोर युवाओं को पारंपरिक रोजगार विकल्पों के साथ तेजी से उभरते तकनीकी क्षेत्रों से जोड़ने पर रहेगा।
साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर भी जागरूकता
पुलिस विभाग की ओर से कॉन्क्लेव में साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग और जन-सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
युवाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचने के जरूरी उपायों की जानकारी देने के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे देंगे प्रस्तुति
कॉन्क्लेव में करियर और रोजगार से जुड़े सत्रों के साथ मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया है। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। उनकी प्रस्तुतियां कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेंगी।
शिक्षा से रोजगार और आइडिया से स्टार्टअप तक
‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ के जरिए सरकार युवाओं को केवल नौकरी के विकल्पों तक सीमित रखने के बजाय कौशल, स्वरोजगार, स्टार्टअप और नई तकनीक से जोड़ने पर जोर दे रही है।
